खरखौदा। केएमपी एक्सप्रेस-वे पर पिपली टोल से करीब पांच किलोमीटर आगे ऑटो चालक की पीठ पर चाकू से वार कर चार युवक मोबाइल, 3200 रुपये और कागजात लूट ले गए। चालक ने उपचार कराने के बाद मामले की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
झज्जर के गांव मुंडा खेड़ा निवासी रवींद्र ने बताया कि वह ऑटो चलाता है। वीरवार देर शाम को रोहट गांव स्थित सीएनजी पंप से गैस भरवाकर वाया केएमपी अपने गांव जा रहा था। पिपली टोल से करीब पांच किलोमीटर आगे पहुंचा तो सड़क पर एक बाइक पड़ी दिखाई दी। उसे लगा कि कोई हादसा हो गया है। वह मदद के लिए रुका लेकिन कोई दिखाई नहीं दिया। इसके बाद जब वह दोबारा चलने लगा तो आगे एक टाटा एस आकर रुकी। उसमें से चार युवक उतरकर उसके पास आए और उसके सिर में ठोक चीज से वार दिया। इसके बाद आरोपियों ने मोबाइल और 3200 रुपये छीन लिए। विरोध करने पर एक युवक ने उसकी पीठ और पैर पर चाकू से वार कर दिया। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। अब खरखौदा पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।