सोनीपत। होली से पहले ट्रेनों में वेटिंग का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में होली पर्व पर अपने घराें को लौटने वाले प्रवासियों की परेशानी बढ़ सकती है। यात्रियों को समय पर टिकट आरक्षित करवाने के बावजूद सीट नहीं मिल रही है। यात्रियों का ट्रेनों में सफर करना मुश्किल हो रहा है।
दिल्ली-अंबाला रूट पर कई ट्रेनों के रद्द होने से अन्य ट्रेनों में बढ़ती भीड़ व टिकट कन्फर्म नहीं होने से कई यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ रहा है।हरियाणा ही नहीं, पंजाब, उत्तर प्रदेश में भी काफी प्रवासी अपने घरों से दूर रहकर व्यापार या नौकरी कर रहे हैं। होली का पर्व 13 व 14 मार्च को मनाया जाएगा। यह अधिकतर प्रवासी त्योहारी सीजन में अपने घर जाते हैं। लोगों को टिकट आरक्षित करवाने के बावजूद कन्फर्म सीट नहीं मिल रही है।
आईआरसीटीसी (इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन) की वेबसाइट पर भी यही हाल है। ऐसे में बिहार, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र या हिमाचल प्रदेश जाने वाले यात्रियों का ट्रेनों में सफर करना मुश्किल हो सकता है। कई ट्रेनों में वेटिंग का आंकड़ा 100 के पार हो गया है।
इन ट्रेनों का परिचालन रहा रद्द
दिल्ली मंडल के स्टेशनों पर तकनीकी कारणों के चलते वीरवार को कई एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन रद्द रहा। अप-डाउन की ट्रेन संख्या 03309-03310 धनबाद गरीब रथ स्पेशल एक्सप्रेस, 12920 मालवा एक्सप्रेस, 11078 झेलम एक्सप्रेस व 18102 जम्मूतवी एक्सप्रेस रद्द रही। ऐसे में यात्रियों को अन्य ट्रेनों में आरक्षित टिकट नहीं मिल पा रहा है। एक्सप्रेस ट्रेनों में वेटिंग बढ़ रही है।
जाने...क्या है स्थिति
दिल्ली से कटरा जाने वाली ट्रेनों में वेटिंग
ट्रेन संख्या ट्रेन वेटिंग
18309 संभलपुर एक्सप्रेस 74
12919 मालवा एक्सप्रेस 20
12471 स्वराज एक्सप्रेस 19
20433 जम्मू मेल 65
12445 उत्तर संपर्क क्रांति 77
11077 झेलम एक्सप्रेस 26
22461 श्रीशक्ति एक्सप्रेस 174
22477 वंदे भारत 177
12425 जम्मू राजधानी 96
कटरा से दिल्ली आने वाली ट्रेनों में वेटिंग
11078 झेलम एक्सप्रेस 114
12920 मालवा एक्सप्रेस 83
12472 स्वराज एक्सप्रेस 76
20434 जम्मू मेल 89
12446 उत्तर संपर्क क्रांति 90
12426 जम्मू राजधानी 139
22462 श्रीशक्ति एक्सप्रेस 70
22478 वंदे भारत एक्सप्रेस 105
-
रेलवे ने ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को लेकर आंकलन शुरू कर दिया है। फिलहाल नई-दिल्ली से कटरा रूट पर 8 मार्च व उत्तर प्रदेश के मऊ स्टेशन से अंबाला कैंट तक वीरवार से होली स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जा रहा है। रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए प्रयासरत है।
हिमांशु शेखर उपाध्याय, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, दिल्ली मंडल