सोनीपत के गीता भवन चौक पर बिना कारण बाहर निकले लोगों से उठक-बैठक कराते पुलिस कर्मी।
- फोटो : Sonipat
सोनीपत। लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। सोमवार को सुबह से ही पुलिस ने बिना कारण बाहर निकलने वालों पर जमकर डंडे बरसाए। इसके अलावा मास्क न लगाने वालों पर भी सख्ती की गई और उठक-बैठक कराई गई। डीएसपी के नेतृत्व में जिले में चले अभियान चला, जिसमें 42 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 128 वाहनों के चालान किए गए।
लॉकडाउन के बावजूद बाहर निकलने वालों पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की। शहर के प्रमुख चौराहों से लेकर जीटी रोड तक पर पुलिस का जमकर डंडा चला। डीएसपी डॉ. रवींद्र कुमार ने गीता भवन चौक पर चेकिंग शुरू कराई तो लोगों ने वापस भागना शुरू कर दिया। इस मौके पर पैदल से लेकर दो-पहिया व कार चालकों को रोककर चेकिंग की गई। जिले में 128 वाहनों का चालान किया गया। अन्य 38 वाहनों को जब्त किया गया। लॉकडाउन का पालन न करने वाले 42 लोग गिरफ्तार किए गए। ज्यादातर लोगों ने चिकित्सक के पास जाने को मुख्य कारण बताया। जबकि उनके पर्चे पर तीन दिन पहले की तारीख लिखी थी। जीटी रोड पर डीएसपी जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। इस दौरान जीटी रोड पर बेवजह वाहन लेकर निकले लोगों के चालान किए गए। तिहाड़ मलिक के अनिल के बयान पर उनके गांव के राकेश, संदीप, प्रदीप व मंदीप के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वह गांव में ठीकरी पहरे को लगातार तोड़ रहे थे। वहीं गढ़ी हकीकत के सरपंच मुकेश के बयान पर पुलिस ने सहदेव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं मोहाना पुलिस ने लॉकडाउन के दौरान आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में अवैध हथियार लेकर घूम रहे रोहतक के सेक्टर-2 निवासी अमन को गिरफ्तार किया है। वहीं गन्नौर पुलिस ने गन्नौर के वजीर को अवैध हथियार समेत गिरफ्तार किया है।
ठीकरी पहरे पर अज्ञात व्यक्ति को पकड़ा
गांव धनाना में एक अज्ञात व्यक्ति पहुंचा तो ग्रामीणों ने उसे ठीकरी पहरे पर रोक लिया। पूछताछ के दौरान उस व्यक्ति ने अपना पता नहीं बताया और भागने कोशिश की। इस पर ग्रामीणों ने उसे रस्सी से बांध कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति को उपचार के लिए गांव खानपुर कलां स्थित बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल भिजवाया दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।