खरखौदा थाना में पहुंचा शराब तस्करी का आरोपी जितेंद्र।
- फोटो : Sonipat
सोनीपत। शराब तस्करी, चोरी व भ्रष्टाचार के मामले में मुख्य आरोपी भूपेंद्र का भाई जितेंद्र सोमवार को पुलिस जांच में शामिल हो गया। वह खरखौदा थाना पहुंचा और जांच में सहयोग की बात कही। हाईकोर्ट ने उसकी गिरफ्तारी पर रोक लगाते हुए जांच में शामिल होने के आदेश दिए थे। पुलिस उससे छह दिन तक पूछताछ करेगी। आरोप है कि शराब तस्करी का धंधा स्थानीय स्तर पर जितेंद्र ही संभालता था। पुलिस और एसआईटी सदस्य उससे कई महत्वपूर्ण जानकारी लेंगे। शराब तस्करी के मामले में कई सवालों के जवाब जितेंद्र से पता किए जाएंगे।
खरखौदा शराब तस्करी, चोरी व भ्रष्टाचार के मामले में आरोपी भूपेंद्र के साथ उसके भाई जितेंद्र पर भी साथियों के साथ मिलकर पूरे मामले को अंजाम देने का आरोप है। मुख्य आरोपी भूपेंद्र ने मुकदमा दर्ज होने के बाद कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। उसने पुलिस और एसआईटी को बताया था कि तस्करी का धंधा उसका छोटा भाई जितेंद्र संभालता था। ऐसे में जांच एजेंसियों को जितेंद्र की तलाश थी। वह तीन महीने से पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका था। उसने पहले जिला कोर्ट और बाद में हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की थी। हाईकोर्ट ने उसकी गिरफ्तारी पर रोक लगाने के साथ ही जांच में शामिल होने का आदेश दिया था। जिसके चलते वह सोमवार को खरखौदा थाना में पहुंचा और पुलिस को जांच में सहयोग का आश्वासन दिया। पुलिस और एसआईटी ने उससे पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने उससे पूछताछ कर मामले में उसकी संलिप्तता के साथ ही अन्य लोगों की संलिप्तता का पता लगाएगी।
------
शराब तस्करी के मामले में आरोपी जितेंद्र सोमवार सुबह खरखौदा थाने पहुंच गया। उससे पूछताछ शुरू कर दी है। टीम को उससे कई महत्वपूर्ण जानकारी लेनी है। जितेंद्र से जानकारी लेकर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।
-डॉ.रवींद्र कुमार, डीएसपी खरखौदा।