फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहर में 1400 ट्रांसफार्मर में अधिकतर ओवरलोड, बिजली के 12 घंटे कट से बवाल, सड़क पर उतरे लोगों की कर्मियों से हाथापाई

विज्ञापन
तीन दिन से पेयजल सप्लाई नहीं होने पर पानी के कैंपर खरीदकर लाती श्यामनगर की महिलाएं। - फोटो : Sonipat
विज्ञापन
सोनीपत। जहां गर्मी के कारण हर किसी की हालत खराब है, वहीं इस गर्मी में बिजली के 12 घंटे तक अघोषित कट लगने शुरू हो गए हैं। जिससे लोगों का गुस्सा फूटना शुरू हो गया है। सोमवार को बिजली निगम के खिलाफ लोग सड़कों पर उतर आए। बिजली कर्मियों के साथ हाथापाई तक की नौबत आ गई। शहर में 1400 ट्रांसफार्मर लगे हैं और उनमें से अधिकतर ओवरलोड होने के कारण बिजली कई घंटों तक गायब रहती है। उसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा। टोल फ्री से लेकर उपकेंद्र व अधिकारियों के फोन नहीं उठाए जाते हैं। जिससे लोगों का गुस्सा भड़कने लगा है और यहां बिजली के कारण बड़ा बवाल हो सकता है। जिसका सबसे बड़ा कारण है कि बिजली नहीं होने से लोगों को पानी के लिए भी जूझना पड़ता है और शहर के चार लाख से ज्यादा लोगों की यह समस्या झेलनी पड़ रही है।
विज्ञापन

शहर में 24 घंटे बिजली आपूर्ति का शेड्यूल है और जिले को खपत के अनुसार बिजली भी पूरी मिल रही है। उसके बावजूद शहर में लगने वाले अघोषित कट ने लोगों की हालत खराब की हुई है। इस गर्मी में सबसे ज्यादा बिजली का सहारा होता है, क्योंकि बिजली से पंखे, कूलर व एसी चलाकर गर्मी से कुछ राहत मिल जाती है। उसके बावजूद पिछले कई दिनों से दिन व रात में लंबे-लंबे कट लगाए जा रहे हैं। ऐसा पिछले तीन दिनों से चल रहा है और इस कारण ही सोमवार को लोगों के सब्र का बांध टूट गया। शहर के श्यामनगर में तीन दिन से बिजली चंद घंटे आने के कारण महिलाएं सड़क पर उतर गईं। जिसका पता चलने पर बिजली निगम कर्मी वहां पहुंचे तो वह बिजली आपूर्ति जल्द ही ठीक करने का आश्वासन देकर जाने लगे। जिससे महिलाओं का गुस्सा भड़क गया और वह कर्मियों को खींचकर अपनी गली में लेकर जाने लगी। जिसको लेकर कर्मियों के साथ उनकी हाथापाई हुई तो वहां अन्य महिलाओं ने किसी तरह मामला शांत कराया। उसके बावजूद भी वहां समस्या का समाधान नहीं हुआ और वहां उसके कुछ देर बाद दोबारा से हंगामा हो गया। जिनको बिजली कर्मियों ने जल्द ही समस्या के समाधान का आश्वासन देकर शांत किया।
--
टोल फ्री नंबर, उपकेंद्र और अफसरों के फोन तक नहीं उठते तो भड़का गुस्सा
शहर में पिछले तीन दिनों से बिजली के अघोषित कट लगने से केवल 10-12 घंटे आपूर्ति हो रही है, जिससे हालात खराब हो रहे हैं और लोग भी परेशान हो चुके हैं। बिजली की समस्या के समाधान के लिए लोग टोल फ्री नंबर पर फोन करते हैं, लेकिन वहां कोई फोन नहीं उठाता है। उसके बाद उपकेंद्र के साथ ही अफसरों के पास फोन करते है तो उनके फोन भी नहीं उठते हैं। इस कारण ही लोगों का गुस्सा ज्यादा भड़का हुआ है कि उनकी बात तक सुनने के लिए कोई तैयार नहीं है तो उनकी समस्या का समाधान कैसे होगा। श्यामनगर की ईश्वरी देवी, कौशल्या, बबीता, काजल, ऊषा, सुनीता, प्रमोद, अनिल, जितेंद्र, दलराज, सतीश के अलावा सामाजिक संस्था की सदस्य कोमल बब्बर, साक्षी, मंजू, रेखा, राकेश सक्सेना का आरोप है कि वह रविवार की रात को बिजली निगम के कार्यालय में गए, लेकिन वहां उनको चक्कर कटाया गया। उनकी समस्या को सुना तक नहीं गया और उनको कर्मी परेशान करते रहे।
विज्ञापन

--
बिजली के कट के कारण पानी की समस्या से जूझ रहे लोग
शहर में श्यामनगर, वेस्ट रामनगर, आर्य नगर, विशाल नगर, ब्रह्म कालोनी, कबीरपुर, सांई पुरम, कच्चे क्वार्टर समेत अधिकतर जगह बत्ती गुल रही तो बाबा कालोनी में तार टूटने के बाद ठीक नहीं किए जाने से परेशानी झेलनी पड़ी। इन सभी जगहों पर बिजली आपूर्ति नहीं होने से पानी की किल्लत भी लोगों को झेलनी पड़ी। लोगों को बिजली के कारण पानी नहीं आने से प्यास बुझाने के लिए भी रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं और वह पानी खरीदकर लाने के बाद प्यास बुझा रहे हैं।
--
शहर की कुछ जगहों पर बिजली के कट लग रहे हैं, जिसकी पूरा ब्यौरा मांगा गया है। जिन जगह पर समस्या है, वहां उसे दूर किया जाएगा। उसके लिए ट्रांसफार्मर भी बढ़ाए जाएंगे तो लाइन भी बेहतर की जाएगी। इन सभी समस्याओं का जल्द ही समाधान कर दिया जाएगा।
विज्ञापन

-मुकेश चौहान, एसई बिजली निगम
ं

बिजली व पानी की समस्या को लेकर ककरोई चौक पर प्रदर्शन करती श्यामनगर की महिलाएं।- फोटो : Sonipat

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें