खरखौदा। महिला ने वकील पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने दुष्कर्म की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दर्ज एफआईआर के अनुसार महिला का आरोप है कि उसने जमीन का इंतकाल करवाने के लिए वकील से मुलाकात की थी। उसका अपने पति के साथ विवाद चल रहा था। ऐसे में उन्हें किसी ने वकील का नंबर दिया था। केस के बहाने वकील उनको फोन करने लगा।
पति से समझौता होेने पर उसे केस करने की आवश्यकता नहीं पड़ी। गत वर्ष अगस्त 2024 में उनके पति की मृत्यु हो गई। ऐसे में उन्हें अपनी जमीन का इंतकाल करवाना था। नबंवर 2024 में वह वकील से मिलीं।
वकील ने केस करने की बात कहकर उसके पति, सास से संबंधित सभी असली कागजात ले लिए। कुछ कागजों पर हस्ताक्षर भी करवा लिए। इसके बाद आरोपी ने उन्हें एक दिन कागज देने के बहाने बुलाया और होटल में लेजाकर उसके साथ जबरदस्ती की।
इसके कुछ दिन बाद वकील ने उन्हें फिर से हस्ताक्षर कराने के बात कहकर ट्रक यूनियन, सोनीपत में बुलाया। जहां पर वह उन्हें अपने साथी के कंटेनर में ले गया और कहा कि वह उसका केस लड़ रहा है जबकि उसके पास तो केस की फीस देने के पैसे भी नहीं हैं यह कहकर आरोपी ने फिर से उससे संबंध बनाए।
महिला ने कहा कि वकील ने धमकी दी कि किसी को कुछ बताया तो जमीन से हाथ धोना पड़ेगा। इसके बाद आरोपी ने मई में उसे इंतकाल करवाने लिए फोटो खिंचवाने के लिए बुलाया मगर अब वह उससे जमीन के कागजात लेने के लिए गईं तो आरोपी ने कहा कि मेरे पास आने की जरूरत नहीं है। अपना केस किसी और से करवा लो।
पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस को देते हुए दुष्कर्म का आरोप लगाया है। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।