सोनीपत। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में चल रही ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया की अंतिम दिन आठ दिन बढ़ा दी गई है। इच्छुक विद्यार्थी अब 31 अगस्त तक आईटीआई में अपना रैंक कार्ड जमा करवाते हुए दाखिला ले सकेंगे। पहले ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया की अंतिम तिथि 23 अगस्त निर्धारित की गई थी। जिले की 13 आईटीआई की विभिन्न ट्रेड्स में रिक्त पड़ी सीटों को देखते हुए विभाग ने दाखिले की अंतिम बढ़ा दी है।
जिले की 13 आईटीआई में 3956 सीटों पर दाखिले के लिए आवेदन मांगे गए थे। आवेदन प्रक्रिया के बाद चार चरणों में चली दाखिला प्रक्रिया संपन्न होने के बावजूद सभी आईटीआई में 40 से 50 फीसदी सीटें रिक्त रह गई थी। रिक्त सीटों पर दाखिले करने के लिए कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया शुरू की थी। इसमें पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर विद्यार्थियों को दाखिले दिए जा रहे हैं। ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया की अंतिम तिथि बढ़ाने से आईटीआई प्रबंधन व विद्यार्थियों ने राहत महसूस की है।
21 ने जमा करवाए रैंक कार्ड, 17 को अलॉट की सीट
सोनीपत आईटीआई में चल रही ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया के तहत वीरवार को 21 विद्यार्थियों ने दाखिले के लिए अपने रैंक कार्ड जमा करवाए। दोपहर को जारी की गई मेरिट सूची के बाद दाखिला प्रक्रिया शुरू की गई। 21 में से 17 विद्यार्थियों को सीट अलॉट की गई है। जबकि चार विद्यार्थियों ने मनपसंद ट्रेड नहीं मिलने से दाखिला लेने से इंकार कर दिया। सोनीपत आईटीआई में अभी भी विभिन्न ट्रेड्स में 90 सीटें रिक्त हैं।
कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने आईटीआई में चल रही ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया की अंतिम तिथि 23 अगस्त से बढ़ाकर 31 अगस्त कर दी है। अब तक दाखिले से वंचित रहे विद्यार्थी इसका लाभ उठाते हुए मनपसंद ट्रेड में दाखिला ले सकते हैं।
-विक्रम सिंह, प्राचार्य, आईटीआई, सोनीपत