सोनीपत। राजकीय बहुतकनीकी संस्थान (पॉलीटेक्निक) में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को अंतिम अवसर दिया गया है। संस्थान में शेष 80 सीटों पर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस), पीएम केयर, कश्मीरी माइग्रेंट्स, ट्यूशन फीस वेवर (टीएफडब्ल्यू) कोटे के तहत विद्यार्थियाें को दाखिला दिया जाएगा जबकि मैकेनिकल व इलेक्ट्रिकल ट्रेड में सीटें पूरी हाे चुकी हैं।
संस्थान के प्रधानाचार्य प्रवेश कुमार ने बताया कि ईडब्ल्यूएस, पीएम केयर, कश्मीरी माइग्रेंट्स, टीएफडब्ल्यू कोटे के तहत विभिन्न ट्रेड की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए आवेदन मांगे गए हैं। पात्र विद्यार्थी 14 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं।
इसके लिए संस्थान की वेबसाइट www.gpsonipat.ac.in पर उपलब्ध फार्म को डाउनलोड करना होगा। इसके बाद उसे भरकर संबंधित दस्तावेजों के साथ संस्थान की दाखिला ब्रांच की ई-मेल आईडी admissiongps25gmail.com पर भेजना होगा।
इसके अलावा संस्थान पहुंचकर भी फार्म जमा कर सकते हैं। सोनीपत पॉलीटेक्निक में दो चरणों की दाखिला प्रक्रिया में 630 सीटों में से 550 पर दाखिला दिए जा चुके हैं। शेष सीटों पर मेरिट के आधार पर दोपहर 1 बजे तक आवेदन लिए जाएंगे। उसी दिन सीट आवंटित की जाएगी।
दाखिले के बारे में विस्तृत पात्रता शर्तें www.hstes.org.in उपलब्ध हैं। विद्यार्थी 0130-2246757 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
प्रधानाचार्य ने बताया कि आवेदक के पास कक्षा 10वीं का प्रमाणपत्र, परिवार पहचान पत्र, डीईटी-एल में दाखिले के लिए 10वीं का प्रमाणपत्र, कक्षा 12वीं में पीसीएम, एनएसक्यूएफ लेवल-4, दो साल का आईटीआई कोर्स, जो भी लागू होता है उसके प्रमाणपत्र, चरित्र प्रमाणपत्र (स्कूल जहां से कक्षा 10वीं पास की), आधार कार्ड जरूरी है।
मूल दस्तावेज में आय प्रमाणपत्र (वित्त वर्ष 2025 का बना हुआ), बैंक खाते की काॅपी, पासपोर्ट साइज फोटो, अभ्यर्थी के माता-पिता का मोबाइल नंबर होना अनिवार्य है। सीट आवंटित होते ही विद्यार्थियों को ऑनलाइन 4600 व छात्राओं को 3100 रुपये फीस जमा करनी होगी अन्यथा सीट रद्द कर दी जाएगी।