सोनीपत। गांव गुमड़ में जमीन निर्धारित नहीं होने के चलते एक साल से राजकीय पशु अस्पताल के निर्माण का कार्य अटका हुआ है। ग्रामीणों ने वर्ष 2017 में गन्नौर में आयोजित कार्यक्रम में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल के समक्ष गुमड़ में पशु अस्पताल बनवाने की मांग की थी। वर्ष 2022 में प्रस्ताव पास होने के बाद लोक निर्माण विभाग को वर्ष 2023 में बजट भी मिल चुका है, लेकिन पशु अस्पताल बनाने का काम आज तक शुरू नहीं हो पाया है।
मुख्यमंत्री घोषणा के तहत गांव गुमड़, सांदल कलां व शाहपुर तगा में करीब 1.05 करोड़ रुपये से तीन राजकीय पशु अस्पताल का निर्माण किया जाना था। इसके बाद वर्ष 2023 में सांदल कलां व शाहपुर तगा में पशु अस्पताल का निर्माण पूरा कर लिया गया है, लेकिन गुमड़ में 160 वर्ग गज जगह निर्धारित नहीं होने से अस्पताल का निर्माण शुरू नहीं हो पाया है। गुमड़ में 160 वर्ग गज जमीन पर बनने वाले पशु अस्पताल पर 35 लाख रुपये खर्च किए जाने हैं। वहीं गांव की सरपंच संजीता ने कहा कि पंचायत की ओर से पशु अस्पताल के लिए विभाग को जमीन मुहैया करवा दी है, लेकिन ठेकेदार की ओर से काम शुरू नहीं कराया जा रहा है। वहीं विभाग के अधिकारियों का कहना है कि गुमड़ में पशु अस्पताल के लिए मुहैया करवाई गई जमीन का लेवल सड़क से काफी नीचे हैं। ऐसे में अभी जगह निर्धारित नहीं हो पाई है। ऐसे में पशु अस्पताल के निर्माण में देरी हो रही है।
गन्नौर जाकर करवाना पड़ रहा पशुओं का इलाज
गांव गुमड़ सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण गन्नौर के पशु अस्पताल में अपने पशुओं को लाकर इलाज करवाने के लिए मजबूर हैं। गांव में राजकीय पशु अस्पताल का निर्माण होने से गुमड़ सहित अहीर माजरा, अगवानपुर व शेखपुरा के ग्रामीण फायदा मिल सकता है। साथ ही पशुओं को समय पर इलाज मिलने के साथ चिकित्सा सुविधा में भी सुधार की संभावना की जा सकती है।
गांव गुमड़ में पशु अस्पताल जल्द बने, इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। विभाग गुमड़ में राजकीय पशु अस्पताल का निर्माण करवाने के लिए तैयार हैं, लेकिन जमीन निर्धारित नहीं होने के कारण कार्य में देरी हो रही है। चयनित की गई जमीन का लेवल सड़क से काफी नीचे है। ऐसे में ठेकेदार की ओर से काम शुरू नहीं किया जा रहा है।
- रविन दत्ता, उपमंडल अभियंता, लोक निर्माण विभाग
राजकीय पशु अस्पताल निर्माण के लिए विभाग को जगह मुहैया करवा दी है। लोक निर्माण विभाग को पत्र भी भेजा गया था, लेकिन कई लोग उस जमीन पर पशु अस्पताल बनवाने के लिए सहमत नहीं हैं।
- संजीता देवी, सरपंच, गांव गुमड़