फोटो 16: सोनीपत की छोटूराम धर्मशाला में प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न स्कूलों से आए विद्यार्थी व
सोनीपत। चौ. छोटूराम स्मारक समिति की ओर से शनिवार को गोहाना रोड स्थित छोटूराम धर्मशाला में दो दिवसीय छोटूराम जयंती समारोह आयोजित किया गया। विद्यार्थियों के बीच भाषण और गीत-भजन-रागनी प्रतियोगिता आयोजित की गई।
भाषण प्रतियोगिता के दौरान क वर्ग (कक्षा नौवीं से 12वीं) में लक्ष्मी ने पहला, रिया ने दूसरा, गौरी ने तीसरा स्थान हासिल किया। ख वर्ग (कक्षा प्राइमरी से आठवीं) में सचिन पहले, देशना शर्मा दूसरे और तन्नू व ममता तीसरे स्थान पर रहे। ग वर्ग (कक्षा बीए से एमए) में साक्षी प्रथम, प्राची द्वितीय, निशा दहिया तृतीय स्थान पर रही। गीत-भजन-रागनी प्रतियोगिता में तृप्ति ने पहला, मनदीप ने दूसरा व खुशबू ने तीसरा स्थान हासिल किया। विशेष वर्ग में भाषण प्रतियोगिता के दौरान प्रतिज्ञा विजयी रही। पद्मश्री से नामांकित साहित्यकार एवं समिति के सहसचिव डॉ. संतराम देशवाल ने बताया कि विजेता विद्यार्थियों को 2 फरवरी को आयोजित कार्यक्रम में नकद राशि से सम्मानित किया जाएगा। इसमें मुख्यातिथि के रूप में पीजीआई, रोहतक के पूर्व कुलपति डॉ. सुखबीर सिंह सांगवान शिरकत करेंगे। उन्होंने कहा कि दीनबंधु छोटूराम नहीं होते तो किसान गरीब ही रहते। उन्होंने गरीबों का उद्धार किया। इस दौरान समिति के प्रधान युद्धवीर सिंह मलिक, महासचिव जयलाल मान ने दीनबंधु छोटूराम को ऐसा किसान मसीहा और गरीबों का उद्धारक बताया, जिसने अपनी मृत्यु से एक दिन पहले ''भाखड़ा बांध निर्माण की परियोजना'' पर हस्ताक्षर किए थे। इस दौरान कोषाध्यक्ष जगजीत सिंह मलिक, मेहताब सिंह दहिया, रमेश लठवाल, रणधीर सिंह सांगवान भी मौजूद रहे।