खरखौदा। सिलाना से खरखौदा आ रहा एक ईंट-भट्ठा मजदूर की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा तेज रफ्तार ऑटो में बैठे शंकर मांझी के नीचे गिरने से हुआ। उनके ऊपर से ऑटो का टायर गुजर गया। मजदूर के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने ऑटो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिहार के जिला मुजफ्फरपुर के गांव असमानपुर निवासी विकेश ने पुलिस को बताया कि उनके पिता शंकर मांझी पूरे परिवार के साथ एक महीने से सिलाना स्थित ईंट5भट्ठे पर रहते हुए मजदूरी कर रहे थे। सोमवार की शाम को वह अन्य साथी मजदूरों के साथ घर का सामान लेने के लिए खरखौदा के लिए निकले थे। एक ऑटो में सवार होकर सभी खरखौदा जा रहे थे कि ऑटो चालक ने अपने ऑटो को तेज रफ्तार से चलाना शुरू कर दिया, चालक को तेज चलाने से मना भी किया गया। लेकिन वह नहीं माना। इसी दौरान उसके पिता शंकर मांझी ऑटो से नीचे जा गिरे और ऑटो का टायर उनके ऊपर से गुजर गया। जिससे वह बुरी तरीके से घायल हो गए। ऑटो चालक भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। इसके बाद वह अपने पिता को गंभीर हालत में लेकर खरखौदा के सरकारी अस्पताल में पहुंचा। जहां पर उसके पिता की जांच कर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।