रोहतक। किला रोड बाजार में सड़क बनाने के लिए रोड़ी-रेत का मिक्सचर (जीएसबी) डालने से शनिवार को दुकानदार भड़क गए। उन्होंने अधिकारियों से लेकर पार्षदों तक ठेकेदार की शिकायत की मगर छुट्टी की वजह से अधिकारी नहीं पहुंचे।
पार्षद नीरा भटनागर के पति पूर्व पार्षद नरोतामल भटनागर जरूर पहुंचे। उन्होंने निगम के अधिकारियों से टेंडर का ब्योरा मांगा है ताकि पता चल सके कि सड़क कैसी बनाई जाएगी।
करीब एक साल पहले अगस्त 2024 में किला रोड बाजार के सुंदरीकरण के लिए 1.40 करोड़ का टेंडर लगाय गया था। मार्च 2025 तक काम पूरा करना था मगर अभी तक नहीं हो पाया है। अब इनको सितंबर तक पूरा करना है। नालों को बनाने के अलावा किनारों पर खंभे खड़े करने के बाद अब सड़क का निर्माण कर रहा है।
मंदिर वाली गली से पहले बर्तनों की दुकान तक रोड़ी व पत्थर डाला जा चुका है। शनिवार को सड़क का लेवल बराबर करने के लिए ठेकेदार की तरफ से रोड़ी-रेत का मिक्सचर डाला गया। इससे दुकानदार नाराज हो गए।
दुकानदार बोले कि इसके ऊपर ही टाइल्स बिछा दी जाएंगी तो सड़क धंस जाएगी। पहले ही बाजार में जलभराव की स्थिति रहती है। सूचना पाकर वार्ड छह की पार्षद नीरा और उनके पति पूर्व पार्षद नरोतामल भटनागर पहुंचे। निगम के अधिकारियों को बाजार में बुलाने की बात कही मगर शनिवार को छुट्टी की वजह से कोई अधिकारी नहीं पहुंचा।
बाक्स
बाजार के अंदर सड़क निर्माण में क्वालिटी का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। अकेले मोटा पत्थर डाला जाना चाहिए था मगर ठेकेदार रोड़े के साथ मिट्टी मिलाकर डाल रहा है। निगम के अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। -सुनील बोंटरा, पूर्व प्रधान, किला रोड बाजार।
...
अधिकारियों को वीडियो भेज चुका हूं फिर भी सुनवाई नहीं
अगस्त 2024 में बाजार के नाले का निर्माण उनकी दुकान के सामने हुआ था। अब तक पूरा नहीं हुआ है। दलदल के अंदर सड़क बनाई जा रही है। उसका लेवल सही न होने के कारण सड़क पर पानी भरा रहेगा। निगम के अधिकारियों को वीडियो तक बनाकर कर भेज चुके हैं। ऊपर से नवरात्र के साथ त्योहारी सीजन शुरू हो जाएगा। -रोहित भुटानी, व्यापारी, किला रोड।
...
व्यापारियों की शिकायत आई है कि बाजार की सड़क नियमों के तहत नहीं बनाई जा रही है। निगम के अधिकारियों से टेंडर की कॉपी मांगी गई है। ऑन रिकॉर्ड टेंडर में क्या है यह पता लगने के बाद अधिकारियों से सवाल करेंगे। -नीरा भटनागर, पार्षद वार्ड-6
...
टेंडर के नियमों के तहत सड़क समतल करने के लिए पहले रोड़ी-रेत मिक्सचर (जीएसबी) डाला है। इसके बाद सीमेंट, रोड़ी, रेत व क्रशर मिलाकर डाला जाएगा। फिर लाल रंग की टाइल लगाई जाएगी। दुकानदारों की शिकायत मिली है। उनको समझाया जाएगा। -सूर्या धनखड़, जूनियर अभियंता नगर निगम
...
बाक्स
ट्रैक्टर से उखाड़ा सीवर लाइन का चैंबर, फिर गलती छुपा दी
शहर के सबसे महंगे बाजार किला रोड की सड़क का निर्माण कर रहे ठेकेदार के कर्मचारी मनमानी कर रहे हैं। शनिवार को दोपहर करीब 12 बजे कर्मचारी ट्रैक्टर से सड़क समतल कर रहा था। जल्दबाजी में रोड़ी-रेत के मिक्सर के नीचे दबा सीवर लाइन का चैंबर उखाड़ दिया। गलती छुपाने के लिए ट्रैक्टर से ही टूटे चैंबर व सीवरलाइन के ढक्कन को दबा दिया। इसके अलावा बाजार में खड़ी स्कूटी को ट्रैक्टर की लिफ्ट से उठाकर किनारे किया।