सोनीपत। लोक निर्माण विभाग खेवड़ा से जीटी रोड (एनएच-44) और पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग 334बी के चौड़ीकरण की तैयारी पूरी कर ली है। इसके साथ रोहतक रोड स्थित नए रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) पर मजबूती के लिए मास्टिक लेयर बिछाई जाएगी। तीनों कार्यों पर 19.80 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
लोक निर्माण विभाग ने सभी कार्यों की टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। अलॉटमेंट के लिए मुख्यालय पत्र भेज दिया गया है। मुख्यमंत्री की मंजूरी मिलते ही काम शुरू कर दिया जाएगा। नए एनएच-334बी फ्लाईओवर से बहालगढ़ तक पुराने एनएच-334बी हिस्से को 18 फीट चौड़ा किया जाएगा।
फिलहाल यह सड़क कहीं 7 तो कहीं 10 से 14 फीट चौड़ी है। योजना के तहत पूरे मार्ग पर डिवाइडर भी बनाया जाएगा। वहीं, खेवड़ा से जीटी रोड तक सड़क को 7 फीट से बढ़ाकर 10 फीट किया जाएगा।
पलड़ी-रोहट मार्ग बनेगा मॉडल रोड
राई के गांव पलड़ी से रोहट तक खस्ताहाल सड़क की मरम्मत कर दिशा संकेतक लगाकर मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे क्षेत्र की पहचान मजबूत होगी और वाहन चालकों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
-
रोहतक आरओबी पर मिस्टिक लेयर
रोहतक रोड के नए आरओबी पर मिस्टिक लेयर बिछाकर इसकी मजबूती बढ़ाई जाएगी। यह पुल रोजाना करीब 10 हजार भारी वाहनों का दबाव झेलता है, ऐसे में यह कार्य बेहद जरूरी माना जा रहा है।
-
बिजली खंभे हटाने पर 17.50 लाख खर्च
पुराने एनएच-334बी पर चौड़ीकरण में बाधा बन रहे बिजली खंभों को हटाने के लिए 17.50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
मंजूरी मिलते ही सभी कार्य शुरू कर दिए जाएंगे। इन परियोजनाओं से जिले में यातायात सुगम होगा और सड़क सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी।अभिषेक जाटान, कार्यकारी अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग सोनीपत