विद्यालय शिक्षा निदेशालय के तत्वावधान में शिक्षा विभाग ने जिले के 420 विद्यालयों में दिसंबर 2025 में कराई थी असेसमेंट
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। राजकीय विद्यालयों में प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों के दूसरे चरण की सेंसस ग्रुपिंग असेसमेंट 2.0 के नतीजे जारी कर दिए गए हैं। परिणामों में सोनीपत जिले ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है।
शिक्षा विभाग ने 29 व 30 दिसंबर 2025 को जिले के 420 राजकीय विद्यालयों में हिंदी व गणित विषय का आकलन कराया था। जारी नतीजों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जिले में बुनियादी साक्षरता व संख्यात्मक ज्ञान (एफएलएन) की दिशा में ठोस सुधार हुआ है।
पहले चरण की फटकार के बाद बदली तस्वीर
सितंबर 2025 में हुई सेंसस असेसमेंट 1.0 में कमजोर प्रदर्शन के बाद मौलिक शिक्षा निदेशालय के महानिदेशक ने जिले के 10 विद्यालय प्रबंधकों को फटकार लगाई थी। इसके बाद शिक्षकों और प्रबंधकों ने गंभीरता दिखाई जिसका असर दूसरे चरण के नतीजों में साफ नजर आया।
कक्षा दूसरी और तीसरी में बड़ा उछाल
सेंसस असेसमेंट 2.0 में कक्षा दूसरी व तीसरी दोनों में साक्षरता और गणित के स्तर पर उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया। कक्षा दूसरी में अक्षर पहचान, शब्द व वाक्य पठन के साथ गणित में संख्या पहचान व जोड़-घटाव में विद्यार्थियों की दक्षता बढ़ी। वहीं कक्षा तीसरी में वाक्य पठन और ओआरएफ में बड़ा सुधार हुआ। गणित में भी दो अंकीय जोड़-घटाव और गुणा में बेहतर परिणाम सामने आए।
-
निपुण लक्ष्य की ओर मजबूत कदम
जिला एफएलएन समन्वयक मनोज वर्मा के अनुसार विद्यार्थियों की बेहतर उपस्थिति और शिक्षकों की गंभीरता सकारात्मक परिणाम का मुख्य कारण रही। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी रचना बाना ने कहा कि यह रिपोर्ट दर्शाती है कि सोनीपत निपुण लक्ष्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और आने वाले सत्र में शत-प्रतिशत विद्यार्थियों को निपुण स्तर तक पहुंचाने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा।