फोटो : सोनीपत के खरखोदा स्थित बीआरसी हाल में आयोजित खंड स्तरीय प्रतियोगिता के प्रतिभागी विद्यार
खरखौदा। बीआरसी हाल में मंगलवार को आयोजित खंड स्तरीय रोल प्ले एवं लोक नृत्य प्रतियोगिता में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खरखौदा की टीम ने दोनों स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता नेशनल पापुलेशन एजुकेशन प्रोजेक्ट के तहत एनसीईआरटी की ओर से आयोजित की गई, जिसमें राजकीय विद्यालयों की आठवीं और नौवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी प्रदीप राठी और खंड संसाधन समन्वयक मनोज दहिया ने किया। विद्यार्थियों ने पर्यावरण सुरक्षा, भावनात्मक कल्याण एवं मानसिक स्वास्थ्य, जिम्मेदार नागरिकता, लैंगिक समानता, पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, नशे के दुरुपयोग की रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली जैसे विषयों पर जागरूकता का संदेश दिया।
आयोजन की मॉनिटरिंग के लिए डाइट 20वां मील से डॉ. अनीता, नीना दहिया, डॉ. सुशील कुमार, जयकंवार और धर्मवीर पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों को आगामी स्तर की प्रतियोगिता के लिए बेहतर तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।
लोक नृत्य प्रतियोगिता में राजकीय माध्यमिक विद्यालय खेड़ी दहिया की टीम ने द्वितीय और राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय थाना कलां की टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया।