सोनीपत के एसएम हिंदू स्कूल में कश्मीरी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के समापन समारोह में युवा मेहम
सोनीपत। कश्मीरी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम शनिवार को छठे दिन विश्राम की ओर बढ़ गया। आज अंतिम दिन की गतिविधियों में राई की विधायक कृष्णा गहलावत ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। सोनीपत के विधायक निखिल मदान भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि ने आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कुछ दिनों से आप हमारे क्षेत्र के मेहमान थे लेकिन आज जब विदा हो रहे हैं तो आप मेहमान नहीं बल्कि हमारे परिवार का हिस्सा बनकर जा रहे हैं।
देश के गृह मंत्रालय, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के सहयोग से कश्मीरी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मेरा युवा भारत के सोनीपत जिला अधिकारी बृजेश कौशिक ने बताया कि 9 से 14 फरवरी तक इस कार्यक्रम की मेजबानी एसएम हिंदू सीनियर सेकंडरी स्कूल ने की।
यहां पर कश्मीर घाटी से आए 120 युवाओं को जिले के शिक्षण संस्थानों, औद्योगिक क्षेत्र आदि का भ्रमण कराया गया। समापन समारोह में प्रतिभागियों ने अपने बनाए उत्पादों के अलावा खाद्य सामग्री की प्रदर्शन लगाई।
विधायक कृष्णा गहलावत ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य केवल घूमना-फिरना नहीं बल्कि कश्मीर की वादियों और हमारे क्षेत्र की माटी के बीच एक मजबूत रिश्ता बनाना था। आपने यहां की संस्कृति देखी और हमने आपकी आंखों में एक नए और विकसित कश्मीर के सपने देखे।
चाहे वह शिक्षा हो, खेल हो या स्टार्टअप, कश्मीर का युवा आज हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहा है। मेरे युवा मित्रो कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक यह देश आपका है। सरकार और प्रशासन आपकी प्रगति के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।