सोनीपत। जूनियर एशियन कुश्ती चैंपियनशिप में सोनीपत और रोहतक के दो पहलवानों ने कांस्य पदक जीते हैं। पदक विजेता गांव बसौदी निवासी नमन आंतिल और रोहतक जिले के गांव समरगोपालपुर निवासी प्रिंस हैं। पहलवानों का सबसे पहले नई दिल्ली स्थित आईजीआई हवाई अड्डे पर स्वागत किया गया। इसके बाद गांव सफियाबाद स्थित स्वामी भूमानंद कुश्ती अकादमी में साथी पहलवानों और प्रशिक्षकों ने भव्य स्वागत किया।
प्रशिक्षक सुरेंद्र कादियान ने बताया कि किर्गिस्तान के बिश्केक में 7 से 12 जुलाई तक जूनियर एशियन कुश्ती चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। इसमें स्वामी भूमानंद कुश्ती अकादमी के पहलवान नमन आंतिल व प्रिंस ने अंडर-20 वर्ग में भाग लिया।
प्रतियोगिता के ग्रीको रोमन मुकाबले के 97 किलोग्राम भारवर्ग में नमन आंतिल का मुकाबला उज्बेकिस्तान के पहलवान के साथ हुआ। उन्होंने प्रतिद्वंदी पहलवान को 2-1 के स्कोर से हराकर कांस्य पदक जीता। ग्रीको रोमन मुकाबले में 82 किलोग्राम भारवर्ग में प्रिंस कुमार का मुकाबला किर्गिस्तान के पहलवान से हुआ। प्रिंस ने प्रतिद्वंदी पहलवान को 3-1 के स्कोर से हराकर कांस्य पदक जीता।
इस दौरान सफियाबाद के सरपंच सुखबीर कौशिक, बसौदी के सरपंच अनिल, पहलवान नमन आंतिल के दादा रत्न सिंह, प्रेम सिंह और दयानंद, कोच नितिन, सचिन व रवि समेत अन्य खिलाड़ी मौजूद रहे।