फोटो :32: स्टेट चैंपियनशिप में पदक विजेता चिराग प्रशिक्षकों व अन्य के साथ। स्रोत प्रशिक्षक
सोनीपत। कुश्ती की दुनिया में गांव जुआं का सितारा फिर चमका है। गांव जुआं के होनहार पहलवान चिराग ने हिसार के उमरा में आयोजित स्टेट सीनियर कुश्ती चैंपियनशिप में दमदार प्रदर्शन करते हुए 57 किलो भारवर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
शानदार जीत के बाद चिराग का सीनियर नेशनल कुश्ती प्रतियोगिता के लिए चयन हो गया है। प्रशिक्षक संजीत ने बताया कि राज्यस्तरीय मुकाबलों में चिराग ने शुरू से ही शानदार फॉर्म दिखाया और अपने विरोधियों को पटखनी देते हुए स्वर्ण अपने नाम किया।
उनकी इस जीत से न सिर्फ परिवार बल्कि गांव और अखाड़े में भी खुशी की लहर दौड़ गई है। चिराग गांव जुआं के अखाड़े में रोजाना कड़ा अभ्यास करते हैं।
मेहनत, अनुशासन और तकनीक के दम पर उन्होंने कम उम्र में ही अपने हुनर का लोहा मनवाया है। प्रशिक्षक डालमिया ने बताया कि चिराग में जुनून, गति और दांव-पेंचों की समझ उन्हें भविष्य में बड़े मंचों पर भी सफल बनाएगी।