सोनीपत। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेन का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। जिसमें जिले के होनहारों ने शानदार प्रदर्शन किया है। लाडलों की उपलब्धि से परिवार में खुशी की लहर छाई रही। जेईई मेन की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी गई।
शहर के शिवा शिक्षा सदन के छात्र लक्ष्य जैन, मनन अरोड़ा व कमल ने जेईई मेंस परीक्षा उत्तीर्ण की है। परीक्षा में कृष ढुल ने 98.6, लक्ष्य जैन ने 97.48, मनन अरोडा ने 96.71 व कमल ने 96.12 पर्सनटाइल प्राप्त की है। स्कूल प्रबंधक वीरेंद्र बंसल ने जेईई मेंस की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इन विद्यार्थियों ने अपनी सफलता से अन्य विद्यार्थियों के लिए भी उदाहरण प्रस्तुत किया है। स्कूल प्रशासन ने बच्चों की इस सफलता के लिए शिक्षकों व अभिभावकों की सराहना की है।