सोनीपत। जम्मू मेल एक्सप्रेस का 6 दिसंबर को अंबाला-दिल्ली रूट पर परिचालन रद्द रहेगी। दिल्ली रेल मंडल ने गाजियाबाद यार्ड में 6 दिसंबर को विभिन्न कार्यों व यातायात ब्लॉक के चलते जम्मू मेल का मार्ग परिवर्तन कर चलाने का निर्णय लिया है। इसके अलावा जम्मूतवी एक्सप्रेस का गाजियाबाद स्टेशन पर आधा घंटा रोककर परिचालन होगा। ऐसे में यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
रेलवे की ओर से 06 दिसंबर को गाजियाबाद यार्ड में विभिन्न कार्य करवाए जाएंगे। इसके चलते रेलवे की ओर से इस दिन यातायात ब्लॉक लिया गया है। रेलवे ने यातायात ब्लॉक के चलते दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब रूट की विभिन्न 13 एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन रद्द किया गया है। 3 ट्रेनों का मार्ग परिवर्तन करके परिचालन किया जाएगा।
इनके अलावा 4 ट्रेनों का बीच मार्ग के स्टेशनों पर रोककर देरी से संचालन किया जाएगा। ऐसे में कटरा से सोनीपत के रास्ते सफरदगंज जाने वाली ट्रेन संख्या 20434 जम्मू मेल एक्सप्रेस का मार्ग परिवर्तन कर अंबाला से सहारनपुर, मेरठ के रास्ते खजुराहो परिचालन किया जाएगा। इस ट्रेन का सोनीपत सहित कुरुक्षेत्र जंक्शन, करनाल, पानीपत, समालखा, नरेला, आदर्श नगर, सब्जी मंडी, दिल्ली जंक्शन तक परिचालन रद्द रहेगा।
जम्मू मेल का सोनीपत स्टेशन पर सुबह 2:17 बजे ठहराव निर्धारित है। इसके अलावा जम्मूतवी से टाटानगर जंक्शन जाने वाली ट्रेन संख्या 18102 जम्मूतवी एक्सप्रेस का 6 दिसंबर को गाजियाबाद स्टेशन पर आधा घंटा रोककर परिचालन किया जाएगा। जम्मूतवी एक्सप्रेस का सोनीपत स्टेशन पर सुबह 5:12 बजे ठहराव निर्धारित है।
गाजियाबाद यार्ड में चल रहे विभिन्न कार्यों के चलते 6 दिसंबर को यातायात ब्लॉक रहेगा। ऐसे में विभिन्न रूट की 13 एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन रद्द किया गया है। साथ ही 3 ट्रेनों का मार्ग परिवर्तन कर परिचालन किया जाएगा। जम्मू मेल का 6 दिसंबर को हरियाणा के बजाय अंबाला से उत्तर प्रदेश के रास्ते परिचालन किया जाएगा। -हिमांशु शेखर उपाध्याय, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर रेलवे।