गोहाना। सफीदों-गोहाना सड़क पर गांव बिचपड़ी के पास कंबाइन व कार की आमने-सामने की टक्कर में कार सवार आईटीबीपी के जवान की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। सभी कार सवार जिला भिवानी से पाथरी माता मंदिर में आए थे और पूजा कर वापस लौट रहे थे। हादसे की सूचना पर थाना सदर गोहाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं जवान के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शव गृह में भिजवाया है।
भिवानी जिले के गांव लौहानी निवासी आईटीबीपी जवान प्रदीप कुमार (33) एक दिन पहले ही छुट्टी पर आए थे। सोमवार को पत्नी पूनम और जानकार भिवानी में आजाद नगर के तरुण, उनकी दादी वेदवंती और हिसार में बाईपास के निकट रहने वाले तरुण की बुआ के लड़के सागर के साथ पहले वह गुरुग्राम में माता के मंदिर में पूजा करने गए थे। उसके बाद मंगलवार सुबह पानीपत के गांव पाथरी में माता के मंदिर में पूजा करने आए थे। पूजा करने के बाद पांचों कार में गोहाना की ओर आ रहे थे। वह जब गांव बिचपड़ी से आगे गोहाना की ओर पहुंचे तो मोड़ पर कंबाइन से कार की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में प्रदीप की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी पूनम, वेदवंती व तरुण गंभीर रूप से घायल हो गए। सागर को भी हल्की चोटें आई हैं। राहगीरों ने घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
बिचपड़ी के पास सड़क हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे तो कार व कंबाइन की आमने-सामने की टक्कर थी। हादसे में एक की मौत हो गई है और चार घायल हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजेश कुमार, जांच अधिकारी, सदर थाना, गोहाना