सोनीपत। जिले में रविवार को सुबह कई स्थानों पर हल्की बारिश व बूंदाबांदी के बाद शाम को बादल जमकर बरसे तो हालात बिगड़े नजर आए। ड्रेनेज सिस्टम फेल होने से निकासी व्यवस्था ठप होकर रह गई। शहर की सड़कों व गलियों में डेढ़ फुट तक पानी भर गया। लोगों को आवागमन में मशक्कत करनी पड़ी।
रविवार सुबह ही कई स्थानों पर बूंदाबांदी व हल्की बारिश का दौर शुरू हो गया था। हालांकि बाद में धूप निकलने से उमस बढ़ गई और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शाम सवा छह बजे अचानक तेज बारिश से हालत ही बिगड़ गई। 20 मिनट की झमाझम बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन ड्रेनेज सिस्टम फेल होने की वजह से सड़कों व कॉलोनियों काफी देर तक पानी भरा रहा।
इसके कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। अधिकतम तापमान 32 डिग्री व न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश से ही नगर निगम की निकासी व्यवस्था की पोल खुल गई। शहर में जगह-जगह पानी भर गया। गीता भवन चौक, ककरोई चौक, बहालगढ़ रोड, कामी रोड, गोहाना रोड, वैक्सन कॉलोनी, औद्योगिक क्षेत्र, मॉडल टाउन, पुरखास रोड, सेक्टर-14 व 15 सहित अधिकतर स्थानों पर पानी भर गया।
धान उत्पादक किसानों को खुशी, खरीफ सीजन की फसलों को फायदा
बारिश से किसानों को बड़ी राहत मिली है। बारिश के कारण खरीफ सीजन की फसलों को काफी फायदा पहुंचा है। इसके लिए किसानों का लाखों रुपये का सिंचाई का खर्च भी कम हो गया है। बारिश होने से धान, ज्वार, बाजरा सहित अधिकतर फसलों की बढ़वार अब बेहतर ढंग से होगी। हालांकि कृषि विभाग ने कपास उत्पादक किसानों को सलाह दी है कि वह अपने खेतों में पानी जमा न होने दें। बारिश के बाद अगर खेत में पानी भरा रहता है तो उसकी निकासी सुनिश्चित करें। बारिश से सब्जी उत्पादक किसानों को हालांकि नुकसान झेलना पड़ा है। विभाग ने सब्जी उत्पादक किसानों का भी आह्वान किया है कि वह खेत में जल निकासी की व्यवस्था जरूर करें।
बारिश से शहर में मुख्य सड़कों पर लगा जाम
बारिश के दौरान शहर में जलभराव के चलते सड़कों पर वाहन जाम में फंसे रहे। कुछ वाहन पानी में बंद होने से स्थिति और विकट हो गई। पुलिस को वाहनों को निकालने में मशक्कत करनी पड़ी।
मानसून के बीच अधिकतर क्षेत्रों में बारिश हुई है। खरीफ सीजन की फसलों को फायदा पहुंचा है। किसानों को कपास और बाजरे के खेत में से पानी निकासी की व्यवस्था करने की सलाह दी गई है। बारिश से हरे चारे की फसलों को भी फायदा हुआ है। अभी दो दिन बारिश के आसार बने रहेंगे। डॉ. प्रेमदीप, मौसम वैज्ञानिक, केवीके सोनीपत
फोटो 28: सोनीपत शहर में हुई बारिश के बाद गीता भवन चौक पर भरे पानी से निकलते वाहन। संवाद