फोटो 34- सोनीपत स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर गंतव्य की ओर जाते यात्री। संवाद
सोनीपत। अधिकतर एक्सप्रेस ट्रेनों में बढ़ती वेटिंग को लेकर दिल्ली रेल मंडल ने यात्रियों को रक्षाबंधन पर्व पर स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ाकर सुगम आवागमन की सौगात दी है। धनबाद से जम्मूतवी तक सप्ताह में अप-डाउन रूट पर एक-एक बार चलने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस के फेरे भी डबल कर दिए हैं। ऐसे में ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियाें को एक्सप्रेस ट्रेनों में आरक्षित टिकट नहीं मिलने पर स्पेशल गाड़ियों का सहारा मिल सकेगा।
लंबे रूट पर चलने वाली ज्यादातर एक्सप्रेस ट्रेनों में त्योहारी सीजन के चलते यात्रियों को आरक्षित टिकट जल्द नहीं मिल रहा है। विभिन्न एक्सप्रेस ट्रेनों में टिकट की 44 तक प्रतीक्षा सूची चल रही है। ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए धनबाद से जम्मूतवी तक चलने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस के 13 अगस्त तक फेरे बढ़ाए गए हैं।
अब 03309 गरीब रथ एक्सप्रेस प्रत्येक मंगलवार व शनिवार व जम्मूतवी से धनबाद रूट की 03310 गरीब रथ एक्सप्रेस का हर बुधवार व रविवार को परिचालन होगा। यह ट्रेन 13 अगस्त तक अप-डाउन में चार-चार फेरे लगाएंगी। इन ट्रेनों का सोनीपत स्टेशन पर अप लाइन पर सुबह 10:08 व डाउन लाइन पर सुबह 9:45 बजे ठहराव निर्धारित है। स्पेशल ट्रेनों का परिचालन बढ़ने से दिल्ली, हरियाणा, पंजाब व जम्मू तक के यात्रियों के साथ दिल्ली-अंबाला रूट पर आवागमन करने वाले दैनिक यात्रियों को भी फायदा मिल सकेगा।
रेलवे ने ट्रेनों में बढ़ती भीड़ व यात्रियों की सुविधा को लेकर आकलन करने के बाद धनबाद से जम्मूतवी रूट पर स्पेशल ट्रेन के फेरे बढ़ाए हैं। गरीब रथ एक्सप्रेस 13 अगस्त पर अपने निर्धारित अप-डाउन रूट पर चार-चार फेरे लगाएगी। रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए प्रयासरत हैं।
- हिमांशु शेखर उपाध्याय, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, दिल्ली रेल मंडल