खरखौदा। रोहतक रोड स्थित कन्या महाविद्यालय में हिंदी विभाग की ओर से अंतरराष्ट्रीय मातृ भाषा दिवस पर मातृभाषा का महत्व व अपनी बोली-अपना स्वाभिमान विषय पर नारा लेखन और पोस्टर बनाओ प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम विभाग प्रभारी डाॅ. प्रमिला व डाॅ. विजय दीप के नेतृत्व व कालेज इंचार्ज डाॅ. योगिता मलिक की अध्यक्षता में हुआ।
डाॅ. प्रमिला ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मातृ भाषा दिवस प्रतिवर्ष 21 फरवरी को भाषाई व सांस्कृतिक विविधता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मनाया जाता है। वर्ष 2026 की थीम ‘बहुभाषी शिक्षा पर युवाओं की आवाज’ है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के त्रिभाषा सूत्र का उल्लेख करते हुए क्षेत्रीय भाषाओं के संरक्षण पर बल दिया।
विज्ञापन
प्रतियोगिता में स्नातक की 18 छात्राओं ने भाग लिया। ईशा प्रथम, खुशी व खुशबू द्वितीय, अनु व मुस्कान तृतीय, रितिका व रितु सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित हुईं। सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र दिए गए। उधर संस्कृत विभाग की ओर से महर्षि याज्ञवल्क्य जयंती पर व्याख्यान आयोजित किया गया।
विभाग अध्यक्ष डॉ. ममता ने उनके जीवन दर्शन, सिद्धांत और आत्मज्ञान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि तकनीकी प्रगति के साथ आत्मिक उन्नति भी आवश्यक है।