फोटो 22- सोनीपत के जीटी रोड स्थित ड्रेन संख्या-8 के पुल पर निर्माणाधीन सर्विस लेन के कार्यों का
सोनीपत। उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने जीटी रोड स्थित ड्रेन संख्या-8 के पुल पर निर्माणाधीन सर्विस लेन के कार्यों का जायजा लेकर अधिकारियों को जल्द काम पूरा करने का निर्देश दिया। इससे लोगों को जाम से मुक्ति मिलने के साथ सड़क दुर्घटना पर रोक लगाई जा सकेगी। उपायुक्त ने एनएचएआई के परियोजना निदेशक जगभूषण व अन्य अधिकारियों के साथ एनएच-44 (जीटी रोड) का दौरा कर कार्यों को तेजी से पूरा करवाने की बात कहीं।
दौरे से पहले उपायुक्त ने कैंप कार्यालय में एचएचएआई, नगर निगम व जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिला से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने भिगान टोल के कर्मचारियों के व्यवहार की निंदा करते हुए कहा कि कर्मचारी वहां से गुजरने वाले लोगों के साथ अच्छा व्यवहार करें। भिगान टोल को जाम मुक्त बनाने के लिए सुबह-शाम अतिरिक्त कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए। अन्यथा जाम लगने पर टोल का संचालन करने वाली कंपनी पर कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। टोल के 200 मीटर दायरे में दोनों ओर इंटरनेट प्रोटोकॉल (आईपी) कैमरे लगवाए जाएं, ताकि कैमरों की मदद से स्थिति का जायजा लिया जा सके। उपायुक्त ने कहा कि कई बार शिकायत मिली है कि भिगान टोल पर सेंसर सिस्टम पुराना हो गया है। इससे वाहनों के फास्टैग को स्केन करने में देरी होने से जाम लग रहा है। स्केनर सिस्टम को बदलकर अच्छा सिस्टम लगवाया जाए।
संपर्क मार्गों पर बनेंगे ब्रेकर, ब्लॉक टाइलों से पक्का बनेगा ककरोई रोड
उपायुक्त ने कहा कि एनएच-44 पर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए बहालगढ़, मुरथल, सेक्टर-7, कुंडली के आसपास व अन्य जगहों के संपर्क मार्गों पर ब्रेकर बनाए जाए। जीटी रोड पर कई जगह बने गड्ढों को जल्द ठीक करवाया जाए। गोहाना-सोनीपत राष्ट्रीय राजमार्ग का शेष कार्य जल्द पूरा नहीं हुआ तो ठेकेदार पर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने गांव जाहरी, लाठ जोली में बन रहे फ्लाईओवर की स्थिति का जायजा लेकर कार्य में तेजी लाने की बात कही। उन्होंने कहा कि ढाबों के दूषित पानी को मुरथल स्थित एसटीपी तक पहुंचाने के लिए सीवरेज लाइन के कार्य में तेजी लाएं। ककरोई रोड का स्थायी समाधान होने तक रास्ते को ब्लॉक टाइलों से पक्का करवाएं। राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण में मिट्टी व अन्य सामग्री लाने वाले वाहनों के कारण कई गांवों की टूटी सड़कों की मरम्मत करवाई जाए। दाैरे के दौरान नगर निगम के एसई डॉ. विजय, जनस्वास्थ्य विभाग के एसई राजीव गुप्ता मौजूद रहे।