सोनीपत। दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि मुरथल में सोमवार को अखिल भारतीय अंतर विवि महिला बास्केटबाल प्रतियोगिता का समापन हो गया। अंतिम दिन फाइनल में हिंदुस्तान यूनिवर्सिटी चेन्नई ने जीएनडीयू अमृतसर को संघर्ष पूर्ण मैच में हराकर दिया। प्रतियोगिता में जीएनडीयू अमृसर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। एलएनआईपीई ग्वालियर तृतीय स्थान पर रही। प्रतियोगिता के समापन पर पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन ने विजेता टीमों को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति राजेंद्र कुमार अनायत ने की।
खेल निदेशक डॉ. बीरेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल हिंदुस्तान यूनिवर्सिटी चेन्नई व जीएनडीयू अमृतसर के बीच खेला गया। हिंदुस्तान यूनिवर्सिटी ने जीएनडीयू अमृतसर को 69-61 से शिकस्त देकर अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय बास्केटबाल प्रतियोगिता की चैंपियन बनी। हिंदुस्तान यूनिवर्सिटी चेन्नई की तरफ से हर्षिता ने 24 प्वाइंट बनाएं। जबकि राजेश्वरी व प्रियंका ने 14, 14 प्वाइंट बनाए। जीएनडीयू अमृतसर की तरफ से प्रियंका सिंह ने 29 प्वाइंट बनाकर टॉप स्कोरर रही। स्मृति व रजनदीप ने 13 व 12 प्वाइंट बनाएं। प्रतियोगिता में तीसरे और चौथे स्थान के लिए मुकाबला एलएनआईपीई ग्वालियर व यूनिवर्सिटी ऑफ मद्रास के बीच खेला गया। इसमें एलएनआईपीई ग्वालियर ने यूनिवर्सिटी ऑफ मद्रास को 67-62 से पराजित कर तृतीय स्थान प्राप्त किया जबकि यूनिवर्सिटी ऑफ मद्रास को चौथा स्थान मिला। एलएनआईपीई ग्वालियर की तरफ से नीमा डोमा ने 23 प्वाइंट बनाकर टॉप स्कोरर रही, जबकि अंजलि ने 18 प्वाइंट बनाए। यूनिवर्सिटी ऑफ मद्रास ने की तरफ से लक्ष्मी ने 23 प्वाइंट बनाए, जबकि मोनिका ने 14 प्वाइंट बनाए।
इससे पहले प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल जीएनडीयू अमृतसर व यूनिवर्सिटी ऑफ मद्रास के बीच खेला गया। इसमें जीएनडीयू अमृतसर ने यूनिवर्सिटी ऑफ मद्रास को 74-58 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरा सेमीफाइनल हिंदुस्तान यूनिवर्सिटी चेन्नई व एलएनआईपीई ग्वालियर के बीच खेला गया। इसमें हिंदुस्तान यूनिवर्सिटी चेन्नई ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एलएनआईपीई ग्वालियर को 93-77 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। इस दौरान रजिस्ट्रार डॉ. आरडी कौशिक, प्रो. रेखा, प्रो. मनोज दूहन, प्रो. सुरेंद्र दहिया, प्रो. अनिल सिंधु, प्रो. पवन दहिया, अमित दहियाद, दीपक नैन, सक्षम हुड्डा, जतिन, दीपेंद्र दलाल, अभिषेक हुड्डा, लोकेश आंतिल, हितेश, राहुल, डिंपी राठी, कुणाल, अमन हुड्डा, भावना, दीपिका, सोनम, याशिमा हुड्डा, शगुन आदि उपस्थित रहे।
किसी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं बेटियां : कविता जैन
पूर्व मंत्री कविता जैन ने कहा कि हमारी बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं हैं। प्रदेश की बेटियों ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है। चाहे खेल का क्षेत्र हो या खगोल का चित्र। हमारी बेटियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। भविष्य में हमारी बेटियां ओलंपिक में बास्केटबाल प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी।