फोटो :: सोनीपत में साइबर ठगी के आरोप में गिरफ्तार आरोपी टीम के साथ। स्रोत पुलिस प्रवक्ता
सोनीपत। साइबर थाना पुलिस ने मोबाइल हैक कर बैंक खातों से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। मामले में राजस्थान के अजमेर से सीताराम और जयपुर से युवराज को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक महिला के बैंक खाते से 1.09 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया था।
गांव मुंडलाना निवासी सोनिया ने 6 दिसंबर 2025 को साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि पीएनबी की मुंडलाना शाखा में बैंक खाता है। 1 दिसंबर को उन्होंने बैंक खाता की जांच की तो खाते से सात ट्रांजेक्शन में 1,08,942 रुपये निकालने का पता लगा। उनका मोबाइल साइबर ठगों ने हैक कर नकदी निकाल ली। उनके खाते से फर्जी आईडी पर खोले गए बैंक खातों में रुपये भेजे गए थे।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना साइबर सोनीपत की टीम ने आरोपी सीताराम और युवराज को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13 हजार रुपये बैंक में होल्ड करवाई और मोबाइल व 1300 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और ठगी के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।