गोहाना। पुलिस उपायुक्त भारती डबास ने ट्रैफिक गोहाना प्रभारी, पीसीआर, डायल-112 (ईआरवी) इंचार्ज व राइडर पर कार्यरत पुलिसकर्मियों के साथ गोष्ठी की। उन्होंने पुलिस कर्मियों को ड्यूटी के दौरान साफ वर्दी पहनने, निरंतर गश्त करने, आमजन के साथ विनम्रता से व्यवहार करने के निर्देश दिए। साथ ही शहरी क्षेत्र में जाम न लगने देने, लोगों को यातायात के नियमों के बारे में बताने के लिए कहा।
डीसीपी ने कहा कि संदिग्ध वाहन के चालकों से पूछताछ की जाए। ईआरवी इंचार्ज को चाहिए कि उन्हें गाड़ी के अंदर मौजूदा हर सुविधा का प्रयोग करते हुए पीड़ित को सहायता पहुचाएं। यदि कोई दुर्घटना का मामला है तो तुरंत घायलों को नजदीकी अस्पताल में ले जाकर जान बचाएं। किसी भी प्रकार का संदिग्ध वाहन खड़ा मिलने पर उसकी जांच करनी चाहिए, जिससे अपराधों में कमी लाई जा सके।
पुलिस उपायुक्त ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस मुस्तैद है। आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शहर में लगने वाले जाम व दुकानों के सामने वाहनों की पार्किंग को लेकर विचार-विमर्श किया। पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि वह समय-समय पर आमजन को जागरूक करें कि जब भी किसी व्यक्ति को कोई भी संदिग्ध वाहन, वस्तु, व्यक्ति के बारे में पता चलता है या सूचना मिलती है, तो तुरंत इस बारे में डायल 112 पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाना में सूचना दें।