खरखौदा। हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया के खरखौदा सामान्य अस्पताल के निरीक्षण के दौरान पुलिस विभाग ने उनके समक्ष स्थानीय स्तर पर दुष्कर्म पीड़िता या इससे संबंधित मामलों की जांच न हो पाने की समस्या रखी। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जाहिर की।
उन्होंने संबंधित थाने के तहत आने वाले सभी अस्पतालों में जांच की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगर आपात स्थिति में भी महिला चिकित्सक को अस्पताल आना पड़े, तो उसे आना होगा। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मंगलवार को इसको लेकर आयोग की ओर से पत्र जारी कर दिया जाएगा।
स्टाफ की शिकायत पर सीएमओ को बयान दर्ज करने के निर्देश
अस्पताल के स्टाफ सदस्यों ने पहले यहां तैनात एसएमओ व स्टाफ नर्स के खिलाफ दोबारा लिखित में शिकायत दी। शिकायत में प्रताड़ना, तबादलों में पैसे की मांग, घरेलू कार्य करवाना, वेतन न देना, दुर्व्यवहार जैसे आरोप शामिल रहे। कुछ महिलाओं ने भी लिखित में शिकायत दी, जिस पर चेयरपर्सन ने मंगलवार को सोनीपत के सिविल सर्जन को खरखौदा आकर सभी के बयान दर्ज कर उन्हें भेजने के निर्देश दिए।