- लंबित मामलों का प्राथमिकता से निपटारा करने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने सोमवार को लघु सचिवालय में अपराध समीक्षा बैठक ली। इस दौरान जिले में अपराध की स्थिति, लंबित मामलों और पुलिस की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाएं और अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने चोरी, लूट, स्नैचिंग और नशा तस्करी जैसी वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में अपराध संभावित स्थानों की पहचान कर नियमित गश्त करने, संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी भी घटना की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करने को कहा। लंबित आपराधिक मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटारा करने के निर्देश भी दिए। बैठक में पुलिस उपायुक्त विक्रांत भूषण, सोनाक्षी सिंह, जितेंद्र गहलावत, सभी सहायक पुलिस आयुक्त और थाना प्रभारी मौजूद रहे।