खरखौदा। सावन महीने में चल रही कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने क्षेत्र में कांवड़ रूट और ट्रैफिक व्यवस्था का निरीक्षण किया।
उनके साथ पुलिस उपायुक्त नरेंद्र कादियान, कुशल सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त अजीत सिंह, राहुल देव, एसडीएम डा. निर्मल नागर भी मौजूद रहे। उन्होंने एनएच 334बी पर पुलिस की तरफ से लगाए गए नाकों की जांच की। वहां पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कांवड़ यात्रा में हरिद्वार से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरियाणा होते हुए अन्य राज्यों की ओर जाते हैं। इनमें से अधिकांश कांवड़िए एनएच 334बी का ही इस्तेमाल करते हैं जो खरखौदा क्षेत्र से होकर राजस्थान की ओर गुजरता है।
इसी को ध्यान में रखते हुए जिला पुलिस की ओर से विस्तृत रूट मैप तैयार किया गया है। इसके अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन और सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान आमजन और वाहन चालकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए पुलिस की तरफ से क्षेत्र में सुचारु व्यवस्था बनाई गई है।
पुलिस आयुक्त ने यातायात पुलिस को निर्देश दिए कि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त फोर्स भी तैनात की जाए और कहीं भी जाम की स्थिति न बनने दी जाए। साथ ही कांवड़ियों की सुविधा, सुरक्षा और मार्गदर्शन के लिए जगह-जगह पुलिस स्टाफ तैनात करने के लिए कहा।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय पुलिस अधिकारियों से रूट मैप की जानकारी ली। यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत एक्शन लिया जा सके। उन्होंने पुलिसकर्मियों से कहा कि वे संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करें। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।