फोटो : सोनीपत के गांव लिवान के पास मेन पंपिंग स्टेशन का निरीक्षण करते मेयर राजीव जैन व जेई सचिन
सोनीपत। नगर निगम क्षेत्र में सीवरेज और जलभराव की समस्याओं के स्थायी समाधान को लेकर मेयर राजीव जैन ने गांव लिवान समेत विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। गांव लिवान में मेन पंपिंग स्टेशन (एमपीएस) का निरीक्षण करते हुए उन्होंने शेष कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एमपीएस शुरू होने से गांव में वर्षों पुरानी सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या समाप्त हो जाएगी।
मेयर ने लिवान-एचएसआईडीसी रोड पर विकसित कॉलोनियों में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए नाले के स्थान पर पाइपलाइन डालने और क्षतिग्रस्त सड़क को सीसी रोड से बनाने के निर्देश दिए। इससे ग्रामीणों और कॉलोनीवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
गोविंद नगर और नरेंद्र नगर में सीवरेज समस्या के समाधान के लिए चल रहे कार्यों का भी उन्होंने जायजा लिया। यहां मैनहोल बनाकर मोटर लगाई गई है, जिससे पानी पंप कर आगे की सीवर लाइन में डाला जाएगा। कार्य को दो-तीन दिन में पूरा करने के निर्देश दिए गए।
साईं पुरम में बार-बार सीवरेज ब्लॉकेज की शिकायत पर मेयर ने सुपर सकर मशीन मंगवाकर सफाई शुरू करवाई। उन्होंने बताया कि सीवर लाइन बदलने का एस्टीमेट तैयार है और जल्द टेंडर जारी किया जाएगा।