सोनीपत। प्रधान चिकित्सा अधिकारी (पीएमओ) डॉ. जयभगवान जाटान ने रविवार को जिला नागरिक अस्पताल का निरीक्षण कर चिकित्सकों और स्टाफ को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने मरीजों को दी जाने वाली चिकित्सा सुविधाओं, पोलियो अभियान और फ्लू ओपीडी से आपातकालीन सेवाओं का जायजा लिया। पीएमओ ने बगैर वर्दी के ड्यूटी पर पहुंचे तीन चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को फटकार भी लगाई और भविष्य में लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
प्रदेश सरकार की ओर से स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत जिला नागरिक अस्पताल में मरीजों को 24 घंटे चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराने का दावा किया जाता है। इन सुविधाओं का क्रियान्वयन छुट्टी के दिन सही प्रकार से हो रहा है या नहीं, इसको लेकर पीएमओ डॉ. जयभगवान ने रविवार को उप चिकित्सा अधीक्षण डा. संदीप लठवाल के साथ अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। दोनों चिकित्सा अधिकारी दोपहर दो बजे अस्पताल में पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले पोलियो बूथ का निरीक्षण किया। उस समय तक बूथ में 130 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने की सूची मिली, जहां उन्होंने कर्मचारियों को 0-5 वर्ष के हर बच्चे को पोलियो की दवा पिलाने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने प्रसूति विभाग का निरीक्षण कर चिकित्सा सुविधा, भोजन व अन्य सुविधाओं की जानकारी ली।
किसी भी महिला को निजी अस्पताल में न करें रेफर
इसके बाद यहां के सभी रजिस्टर की जांच की और संबंधित स्टाफ को आदेश दिए कि किसी भी महिला को निजी अस्पताल में रेफर न किया जाए। इसकी सूचना पर कार्रवाई की भी चेतावनी दी। उन्होंने स्टाफ को बधाई के नाम पर पैसे न लेने के भी आदेश दिए। फ्लू ओपीडी में निरीक्षण करते हुए उन्होंने सैंपल आदि की जांच की। इसके बाद आइसोलेशन में दाखिल मरीजों का हाल भी जाना। साथ ही आपातकालीन कक्षा का भी निरीक्षण कर चिकित्सकों को मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगर किसी मरीज को निजी अस्पताल में दाखिल किया तो संबंधित चिकित्सक पर कार्रवाई होगी। इसके साथ ही उन्होंने कर्मचारियों को अस्पताल में बेहतर सफाई रखने के भी निर्देश दिए।