बैठक कर आगामी रणनीति तय करते संगठन के पदाधिकारी। स्रोत : संगठन
रेवाड़ी। रिटायर्ड कर्मचारी संघ जिला सभा की बैठक प्राचीन विश्वकर्मा मंदिर के महर्षि अंगीरा सभागार में आयोजित हुई। बैठक में विभागों से सेवानिवृत्त कर्मचारी और जिला कार्यकारिणी सदस्य शामिल हुए। उपाध्यक्ष कुलदीप सिंह यादव ने कहा कि सरकार कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के साथ अन्याय कर रही है। उन्होंने पेंशन वित्त विधेयक 2025 को वापस लेने व सभी पेंशनरों को मुफ्त इलाज की सुविधा देने तथा 65, 70 और 80 वर्ष की आयु पेंशन बढ़ाने की मांग की। साथ ही रेलवे, हवाई जहाज और एसी बसों में 50% छूट देने की भी बात कही।
संतोष कुमार जांगिड़ ने शिक्षा के निजीकरण पर चिंता जताते हुए सस्ती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की मांग की। के.एल. कोल्ही ने सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी को गंभीर समस्या बताया जबकि सुरेंद्र सिंह जांगिड़ ने आम व्यक्ति के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुलभ बनाने पर जोर दिया।
अध्यक्ष रामेश्वर दयाल शर्मा ने आठवें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू करने, डीए बकाया का भुगतान, ठेका प्रथा समाप्त करने और कर्मचारियों के साथ भेदभाव खत्म करने की मांग उठाई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 21 अप्रैल को जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।