सोनीपत। गांव कबीरपुर में दो भाइयों के बीच कहासुनी के बाद बड़े भाई पर छोटे भाई के सिर में खाट के पावे से वार करने का आरोप लगा है। हमले में अंकित के सिर में गंभीर चोट लगी। जांच में सिर के पिछले हिस्से में करीब 6.5 गुणा 1 सेंटीमीटर का घाव दर्ज किया गया। उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल सोनीपत ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया। घायल की मां कृष्णा की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कृष्णा ने पुलिस को बताया कि 19 सितंबर को दोपहर करीब दो बजे अंकित घर पर लेटा था। इसी दौरान उसका भाई संदीप से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि संदीप ने खाट के पावे से अंकित के सिर पर वार कर दिया। सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखबीर ने बताया कि घायल की मां के बयान पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।