संवाद न्यूज एजेंसी
गोहाना। बरोदा विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण संपर्क मार्गों को बेहतर बनाने की दिशा में विधायक इंदुराज नरवाल ने महत्वपूर्ण पहल की है। क्षेत्र के कई गांवों में कच्चे रास्तों के कारण किसानों, विद्यार्थियों, मजदूरों और आम लोगों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बरसात के दिनों में इन मार्गों की स्थिति और खराब हो जाती है। इससे आवागमन प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। इस समस्या को देखते हुए विधायक ने गोहाना स्थित अपने कार्यालय में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न कच्चे संपर्क मार्गों को पक्का करवाने पर चर्चा की गई। विधायक ने संबंधित मार्गों के सिजरा (पुराने डाक्युमेंट) अधिकारियों को सौंपते हुए सभी मार्गों का जल्द से जल्द प्राकलन तैयार कर सरकार को भेजने के निर्देश दिए।
प्रस्तावित मार्गों में मुंडलाना और कथूरा ब्लॉक के कई गांवों के संपर्क रास्ते शामिल हैं। विधायक ने कहा कि क्षेत्र के हर गांव तक बेहतर सड़क सुविधा पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।
ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी प्रस्तावित मार्गों को पक्का करवाने के लिए सरकार के समक्ष मजबूती से पैरवी की जाएगी।