संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। पुलिस ने सवा छह साल पुराने ट्रक लूट के मामले में पांच हजार रुपये के इनामी मध्य प्रदेश के जिला इंदौर के रहने वाले गौरव को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर हरियाणा के विभिन्न जिलों में कई मामले दर्ज हैं। उसने 2019 में केएमपी पर पलवल के चालक को बंधक बनाकर ट्रक लूटा था।
आरोपी ने वारदात 17 नवंबर 2019 को खरखौदा क्षेत्र में केएमपी पर की थी। 19 नवंबर 2019 को खरखौदा थाने में दर्ज अभियोग के अनुसार कपूर डीजल गैरेज प्राइवेट लिमिटेड के कंटेनर चालक धुडावली, पलवल निवासी जफरुद्दीन आईटीसी से सिगरेट लोड करके जयपुर जा रहे थे।
शामली से पानीपत होते हुए केएमपी पर गांव पिपली से आगे पहुंचे तो ट्रक के आगे एक कार अड़ी दी गई। नीचे उतरे चालक ने टक्कर मारने की बात कह गाली-गलौज किया। इसके साथ कंडक्टर साइड से तीन-चार आदमी ट्रक में चढ़ गए।
आरोपियों ने चालक की पिटाई करने के बाद मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। उसकी आंखों पर पट्टी बांध दी। खुद ट्रक चलाने लगे। शाम 7 बजे ट्रक चालक जफरुद्दीन को इसराना के पास रोहतक रोड पर खेतों में छोड़कर बदमाश ट्रक लेकर भाग गए। रात 9 बजे वहां पहुंचे कंपनी मैनेजर को सारी बात बताई गई।
ट्रक आसौदा गांव में मिला था जिसमें लोड सिगरेट के 634 कार्टन गायब थे। जांच के दौरान मध्य प्रदेश के देवास जिले के दिनेश, सुशील, मनोज उर्फ गंगाराम, कल्याण, सतीश, मनोज और ओमप्रकाश, आगर निवासी भोला शरण और उसके भाई तुलसीराम को गिरफ्तार किया गया था।
इनका दसवां साथी गौरव अभी तक फरार था। उसे अब गिरफ्तार किया गया है। क्राइम यूनिट के जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर चांद ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे पांच दिन के रिमांड पर भेज दिया है।
आरोपी के खिलाफ राई थाने के अलावा पानीपत के समालखा और यमुनानगर के फर्कपुर थाने में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। राई थाने की पुलिस ने आरोपी पर पांच हजार का इनाम घोषित किया था।