चौथी अंतरराष्ट्रीय कुश्ती रैंकिंग सीरीज में भारतीय पहलवानों ने ट्यूनीशिया मेें अपना जलवा दिखाते हुए आठ स्वर्ण सहित 22 पदक जीते। प्रतियोगिता ट्यूनीशिया के ट्यूनिस शहर में 14 से 17 जुलाई तक आयोजित हुई। जिसमें महिलाओं व फ्री स्टाइल के पहलवानों ने खिताब पर कब्जा किया। वहीं ग्रीको रोमन के पहलवानों ने भी अपना शानदार खेल दिखाया।
फ्री-स्टाइल में दो महिला पहलवान व ग्रीको रोमन के दो पुरुष पहलवान सोनीपत से हैं जबकि भारतीय टीम में अधिकतर पहलवान प्रदेश के रहने वाले हैं। महिला टीम में प्रदेश की पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 में से 7 पदक जीत तिरंगा लहराया।
भारतीय कुश्ती संघ के सहायक सचिव विनोद तोमर ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय कुश्ती रैंकिंग सीरीज में महिलाओं व फ्री स्टाइल के पहलवानों ने खिताब जीता, वहीं ग्रीको रोमन के पहलवानों ने भी शानदार खेल दिखाया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भारतीय महिला टीम ने 145 अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि फ्री स्टाइल के पहलवानों ने 157 अंकों के साथ खिताब अपने नाम किया। ग्रीको रोमन की टीम 150 अंक लेकर रनरअप रही। तीनों श्रेणियों की टीम ने आठ स्वर्ण, आठ रजत व छह कांस्य पदक जीते। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर तीनों श्रेणियों के पहलवान वापस लौट आए हैं।
इन पहलवानों ने दिखाया जलवा, जीते पदक
फ्री स्टाइल प्रतियोगिता
इस श्रेणी में 65 किलोग्राम भारवर्ग में सुजीत व 97 किलोग्राम भारवर्ग में दीपक ने स्वर्ण, 57 किलोग्राम भारवर्ग में उदित, 61 किलोग्राम भारवर्ग में अमन, 74 किलोग्राम भारवर्ग में सागर जागलान व 92 किलोग्राम भारवर्ग में विक्की ने रजत पदक जीते। जबकि 70 किलोग्राम भारवर्ग में करन ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
ग्रीको रोमन प्रतियोगिता
इस प्रतियोगिता में 63 किलोग्राम भारवर्ग में ज्ञानेंद्र दहिया, 67 किलोग्राम भारवर्ग में सचिन सहरावत, 82 किलोग्राम भारवर्ग में हरप्रीत व 87 किलोग्राम भारवर्ग में सुनील मलिक ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। 60 किलोग्राम भारवर्ग में अर्जुन हलकुर्की व 97 किलोग्राम भारवर्ग में दीपांशु ने रजत पदक जीते। 82 किलोग्राम भारवर्ग में सज्जन व 130 किलोग्राम भारवर्ग में नवीन ने कांस्य पदक अपने नाम किए। महिला वर्ग के 53 किलोग्राम भारवर्ग में हिसार की अंतिम व 59 किलोग्राम भारवर्ग में सोनीपत की सरिता मोर ने स्वर्ण पदक जीते। 68 किलोग्राम भारवर्ग में रोहतक की निशा व 72 किलोग्राम भारवर्ग में सोनीपत की बिपाशा ने रजत पदक पर कब्जा जमाया। जबकि 57 किलोग्राम भारवर्ग में रोहतक की मानसी, 62 किलोग्राम भारवर्ग में रोहतक की साक्षी मलिक व 65 किलोग्राम भारवर्ग में पानीपत की मनीषा ने कांस्य पदक जीते।
सोनीपत के इन पहलवानों ने बिखेरा जलवा
चौथी अंतरराष्ट्रीय कुश्ती रैंकिंग सीरीज में सोनीपत के पहलवानों ने अपना जलवा बिखेरा। इनमें ज्ञानेंद्र दहिया, सुनील मलिक, प्रताप स्कूल के सज्जन, नवीन, बरोदा की सरिता मोर, युद्धवीर अखाड़े की बिपाशा ने पदक जीतकर सोनीपत का मान बढ़ाया। इसके अलवा रोहतक की दो, पानीपत व हिसार की एक-एक पहलवानों ने भी पदक अपने नाम किए।