खरखौदा। गांव थाना कलां स्थित राजकीय माॅडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में वीरवार को खंडस्तरीय कानूनी साक्षरता प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें कक्षा 9वीं से 12वीं तक के राजकीय और निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी प्रदीप राठी, संचालन प्राचार्य बबीता रानी ने किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में कानून, नियमों, नागरिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। विद्यार्थियों ने निबंध लेखन, भाषण, स्लोगन लेखन, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, नाटक, कविता, चित्रकला, पावर पॉइंट प्रजेंटेशन जैसी गतिविधियों व सामाजिक मुद्दों पर डाक्यूमेंट्री निर्माण में भाग लिया।
प्रतियोगिताओं का विषय दहेज उन्मूलन, मानवाधिकार, नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, बाल विवाह रोकथाम, सड़क सुरक्षा, संविधान मूल्य जैसे मुद्दों पर आधारित रहा। विजेता विद्यार्थी जिलास्तरीय प्रतियोगिता में खंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। विजेताओं को शिक्षा विभाग की ओर से पुरस्कार राशि सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाएगी। संवाद