मियां-बीवी अपने घर से थोड़ी देर के लिए बाहर क्या गए कि चोरों ने उन्हें पच्चीस लाख रुपये की चपत लगा दी। चोर उनके घर से डेढ़ लाख से अधिक की नकदी और सत्तर तोले से अधिक भार के सोने के जेवर उड़ा ले गए। चोरों ने पीड़ित परिवार के घर की छत का उपयोग शौचालय की तरह किया।
वारदात नरेला थाना अंतर्गत पाना उद्यान की है। पुलिस द्वारा चोरी के संबंध में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस को बृहस्पतिवार सुबह करीब सवा पांच बजे सूचना मिली कि माता वाली गली, पाना उद्यान, नरेला में रहने वाले गौरीशंकर के घर में चोरी हो गई है। सूचना पर मौके पर पहुुंच पुलिस ने जांच-पड़ताल की। गौरीशंकर का परिवार मकान की प्रथम मंजिल पर रहता है।
चोरी के संबंध में गौरीशंकर ने बताया कि वह पत्नी के साथ बेटे अतुल को दिल्ली हवाई अड्डे पर छोड़ने के लिए बुधवार रात अढ़ाई बजे कार से निकले थे। करीब पांच बजे जब वापस लौटे तो उन्हें दरवाजा खुला मिला। घर के अंदर के दरवाजे भी खुले हुए थे और अलमारी के बाहर तथा बैठक में सामान बिखरा पड़ा था। चोर डेढ़ लाख से अधिक की नकदी और सत्तर तोले से अधिक के जेवरात निकाल ले गए।