गोहाना (सोनीपत)। गांव रिंढाना के एक निजी स्कूल में पांचवीं कक्षा की छात्रा से क्लासरूम में पोंछा लगवाने के मामले में प्रिंसिपल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है। दरअसल होमवर्क न करने पर सजा के तौर पर छात्रा को अपमानित करते हुए कक्षा में पोंछा लगाने की सजा दी गई थी।
बाद में इस मामले की शिकायत राज्य मानवाधिकार आयोग तक पहुंची। राज्य मानवाधिकार आयोग के आदेश पर शुक्रवार को मुकदमा दर्ज किया गया। छात्रा की मां ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी ने होमवर्क नहीं किया था, जिसके कारण प्रिंसिपल एकता सांगवान ने उसे क्लासरूम में पोंछा लगवाया और अमानवीय व्यवहार किया।
छात्रा को छोटे बच्चों के सामने शेम-शेम बुलवाया गया और धमकी दी गई कि अगर आगे भी होमवर्क पूरा नहीं किया तो उसके बाल मुंडवा दिए जाएंगे। इस तरह अपमानित किए से छात्रा इस कदर अवसाद में चली गई कि उसने स्कूल जाने बंद कर दिया। मामले को लेकर शिक्षा विभाग से लेकर राज्य मानवाधिकार आयोग तक शिकायत की गई है।
बाद में खंड शिक्षा अधिकारी ने मामले की जांच की। जांच में साबित हुआ कि प्रिंसिपल ने छात्रा से पोंछा लगवाया था। जांच रिपोर्ट के आधार पर और छात्रा की मां की शिकायत पर पुलिस ने प्रिंसिपल के खिलाफ केस दर्ज किया। बरोदा थाना में प्रिंसिपल एकता सांगवान के खिलाफ 75 जेजे एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।