संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। गोहाना रोड पर दिनदहाड़े ज्वेलर्स पर हमला कर लूटपाट करने के मामले में गिरफ्तार आरोपी ने खुलासा किया है कि वह ऑनलाइन गेम में साढ़े चार लाख रुपये हार गया था। इसके चलते उसने साथी के साथ मिलकर लूट की साजिश रची थी। हालांकि वह पकड़ा गया। पुलिस ने मामले में भिवानी की बीटीएम कॉलोनी निवासी प्रिंस को गिरफ्तार किया है।
चौहान कॉलोनी निवासी जितेंद्र वर्मा ने सिटी थाना पुलिस को बताया था कि उन्होंने गोहाना रोड पर सदर थाना से करीब 100 मीटर दूर यूनिक ज्वेलर्स के नाम से आभूषण की दुकान कर रखी है। वह शुक्रवार दोपहर को दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने तमंचे से सिर पर कई वार कर 15 हजार रुपये की नकदी लूट ली थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। मामले में पुलिस ने प्रिंस को गिरफ्तार किया था।
आरोपी ने रिमांड के दौरान खुलासा किया है कि वह बीबीए द्वितीय वर्ष का छात्र है और ऑनलाइन गेम खेलता था। जिसमें वह करीब साढ़े चार लाख रुपये गवां बैठा था। इसी के चलते उसने अपने साथी के साथ मिलकर लूटपाट कर गेम में हारी हुई राशि प्राप्त करने का षड्यंत्र रचा था।