मैं बालिग हूं, बच्चा नहीं हूं। मुझे अपना वोट डालना है, ये देखो मेरा पहचान पत्र। अगर आप किसी मतदान केंद्र में ड्यूटी पर हैं और आपको शक्ल की छोड़ो कद-काठी से भी 8-9 साल का दिखने वाला बच्चा यह कहे तो आप क्या सोचेंगे।
जाहिर सी बात है आप सोचेंगे की बच्चा मजाक कर रहा है। हालांकि मुरथल अड्डे के पास रहने वाला आकाश आपकी इस सोच को बदल सकता है। श्रीराम स्कूल में पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाला आकाश बुधवार को राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मुरथल अड्डा में वोट डालकर आया है।
पांचवीं कक्षा से धोखा मत खाना, आकाश पूरे 19 साल का है। असल में बचपन में एक बीमारी के कारण उसकी बढ़त रुक गई थी। जोकि तीन साल पहले ही कुछ बढ़नी शुरू हुई है। इसी कारण आकाश बच्चों जैसा दिखाई देता है। इसी बीमारी की वजह से उसकी पढ़ाई भी बाधित हुई।
बीएलओ ने किया वेरीफाई
आकाश का यह पहला विधानसभा मतदान है। इस मतदान में पहली बार वोट डालने को लेकर वह बहुत उत्साहित था। पहले तो उसे पोलिंग बूथ में जाने ही नहीं दिया गया, लेकिन जब उसने अपने नाम की पर्ची दिखाई और बीएलओ से स्थिति स्पष्ट की। उसके बाद ही उसे वोट डालने का अधिकार दिया गया।
गरीब परिवार, दिल में छेद, लेकिन फिर भी जज्बा
15 सितंबर 1985 को पैदा हुए आकाश को बचपन से ही एक भयंकर बीमारी है। उसके दिल में छेद है। आकाश की इस बीमारी ने उसकी मां मीना और पिता को झकझोर कर रख दिया था। आकाश के पिता बैटरी वाला रिक्शा चलाकर भरण-पोषण करते हैं। गरीबी में इतनी बड़ी बीमारी के खर्च ने पूरे परिवार की कमर तोड़ रख दी है। इसके बावजूद आकाश में गजब का जज्बा दिखाई देता है।
तीन साल पहले आपरेशन के बाद पड़ा फर्क
आकाश बताता है कि उसके पैदा होने के बाद से ही वह बीमार रहता था, दवाइयां दी जाती थी, लेकिन कोई असर नहीं होता था। दवाई और बीमारी के कारण उसकी ग्रोथ भी रुकी हुई थी। तीन साल पहले दिल्ली स्थित एम्स में उसका आपरेशन हुआ था। उसके बाद से शरीर में कुछ बदलाव आने लगे हैं। कद भी थोड़ा बढ़ गया है। अब उम्मीद है कि जल्द ही सामान्य हो जाऊंगा।
छोटी बहन 11वीं में लेकिन मैं 5वीं में
आकाश की छोटी बहन 11वीं कक्षा में पढ़ती है, जबकि वह स्वयं 5वीं कक्षा में पढ़ता है। वहीं उसका बड़ा भाई 12वीं कक्षा में पढ़ता है। आकाश की पढ़ाई उसकी बीमारी के कारण ही प्रभावित रही है, लेकिन इसके बावजूद वह हिम्मत से कहता है कि अब सबकुछ ठीक होगा।
आती है दिक्कतें, लेकिन कोई बात नहीं
आकाश ने बताया कि कई बार चेहरे और कद-काठी के कारण दिक्कत आती हैं, जैसे कि आज आई है। इसके बावजूद मुझे फर्क नहीं पड़ता। अब जल्द ही सबकुछ ठीक हो जाएगा। दिक्कतें तो आती रहती हैं। आकाश ने मतदान के बारे में कहा कि ये हमारा अधिकार है, इसे तो छीन कर भी लेना चाहिये।