सेक्टर 15 में हाउसिंग बोर्ड कालोनी के पास मंगलवार शाम को सड़क हादसे में एक पांच वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। वहीं उसके माता-पिता घायल हो गए। पिता को गंभीर हालत के चलते रेफर किया गया है। वहीं मृतका की मां सामान्य अस्पताल में उपचाराधीन है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा बाइक की टक्कर लगने से हुआ था।
बजरखां, जिला मुंगेर, बिहार निवासी राजू परिवार के साथ सेक्टर-12 में रहता है। मंगलवार देर शाम वह पत्नी गीता, लड़की शिवानी (5) के साथ सेक्टर-15 जा रहा था। तीनों ही पैदल चल रहे थे। अभी वे सेक्टर-15 की हाउसिंग बोर्ड कालोनी के पास पहुंचे ही थे कि एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में तीनों घायल हो गए। तीनों को सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां पर डॉक्टरों ने शिवानी को मृत घोषित कर दिया, वहीं राजू को गंभीर हालत के चलते खानपुर कलां स्थित मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। गीता भी सामान्य अस्पताल में उपचाराधीन है।
दूसरी ओर हादसे के बाद आसपास के लोगों ने बाइक सवार एक युवक को बाइक सहित काबू कर लिया, हालांकि दो अन्य युवक भागने में कामयाब रहे। मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक और युवक को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी बाइक पर
जिस बाइक से हादसा हुआ, उस बाइक पर नंबरप्लेट भी फर्जी लगी हुई थी। बाइक का नंबर एचआर 00 एक्स लिखा हुआ था। खास बात ये है कि 00 की सीरीज प्रदेश में कहीं भी नहीं है। फर्जी नंबर प्लेट होने के कारण पुलिस भी सोच में पड़ गई है।