संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। उपमंडल कार्यालय में एसडीएम अमित कुमार की अगुवाई में लगाए गए समाधान शिविर में क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनी गईं। गांव रामपुर निवासी अमित ने शहर के भारत अस्पताल के खिलाफ शिकायत देते हुए कार्रवाई करने की मांग की।
उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी संजू की डिलीवरी के दौरान लापरवाही की गई। उपचार में चूक की वजह से उनकी पत्नी की हालत बिगड़ गई। अमित ने कहा कि उनकी पत्नी की 21 अगस्त 2025 को खरखौदा स्थित भारत हास्पिटल में नार्मल डिलीवरी करवाई गई थी।
उस दौरान पत्नी को गंभीर नुकसान पहुंचा। इसके चलते उसकी दोबारा सर्जरी तक करनी पड़ी लेकिन वह भी सफल नहीं हुई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन ने शुरुआत में सही जानकारी छिपाई और करीब चार माह तक गलत उपचार देकर उन्हें गुमराह करता रहा। एसडीएम ने मामले में एसएमओ को कार्रवाई करने के लिए कहा है।
इसके साथ शहर वाली के व्यक्ति ने कुत्ते के काट लेने पर कार्रवाई की मांग की। इस पर एसडीएम ने नगर पालिका सचिव को कुत्ते पकड़ने के आदेश दिए। बालकिशन ने उनकी प्रॉपर्टी आईडी न बनाए जाने की शिकायत की। नगर पालिका पर जानबूझकर उनके घरों के आगे के रैंप तोड़ने की भी शिकायत दी।
एसडीएम ने दोनों ही मामलों की स्टेटस रिपोर्ट देने की बात सचिव से कही है। शिविर में खंभे हटाने, खेत का रास्ता दिलवाने की मांग रखे जाने के साथ ही नगर पालिका से जुड़ी शिकायतें सामने आई हैं। इसके अलावा परिवार पहचान पत्र व राशन कार्ड में त्रुटियां जैसी शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखी गईं।
अधिकारियों ने कई समस्याओं का मौके पर ही निदान किया जबकि जिन मामलों का समाधान तुरंत संभव नहीं हो पाया उन्हें संबंधित विभागों को सौंपकर तय समय सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेकर प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा ताकि आमजन को राहत मिल सके। इस अवसर पर एसीपी जोगिंद्र शर्मा, नायब तहसीलदार अचिन कुमार, एस्टेट मैनेजर नरेश रोहिल्ला, मार्केट कमेटी सचिव सुरेश खोखर भी मौजूद रहे।
सीएम-विधायक पर टिप्पणी करने पर कार्रवाई की मांग
समाधान शिविर में युवक हेमंत ने रामनिवास नामक व्यक्ति का वीडियो दिखाते हुए उस पर कार्रवाई करने की मांग की। वीडियों में वह अपने पारिवारिक मामले में सीएम और विधायक पर भी आपत्तिजनक टिप्पणी कर रहा है। एसडीएम अमित कुमार ने शिकायतकर्ता को लिखित में शिकायत देने के लिए कहा है।