खरखौदा। गांव खांडा में ईंट भट्ठे पर पत्नी की हत्या करने के आरोपी पति नरेंद्र निवासी जिला संभल, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने सत्संग में जाने से मना करने पर हत्या करने की बात कही है।
20 सितंबर को बिहार निवासी मैगन मांझी ने थाना खरखौदा में शिकायत दी थी कि उनकी बड़ी बेटी की उत्तर प्रदेश के संभल जिला के गांव सुजातपुर निवासी नरेंद्र के साथ शादी हुई थी। दोनों खांडा गांव के भट्ठे पर ईंट पाथने का काम करते थे। 19 सितंबर की सुबह दामाद नरेंद्र ने उनकी बेटी के साथ मारपीट की।
आरोपी इतने पर ही नहीं रुका। उसने चाकू से बेटी के पेट और कमर पर वार किए। उसके बाद वह चाकू के साथ भाग गया। बेटी को लेकर सरकारी अस्पताल खरखौदा गए जहां से उसे रोहतक रेफर कर दिया था।
इलाज के दौरान बेटी की मौत हो गई थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
पुलिस ने वीरवार को आरोपी नरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। दोनों की तीन माह की बेटी है। संवाद