सामान्य अस्पताल परिसर में मानवता को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। बुजुर्ग महिला का शव कोई अस्पताल के पार्क में लावारिस हालत में छोड़ गया। पार्क में करीब 45 मिनट तक शव पड़ा रहने के बाद लोगों ने देखा तो अस्पताल प्रबंधन व पुलिस को सूचना दी। सिक्का कॉलोनी चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शव विच्छेदन गृह में रखवाया है। पुलिस अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी खंगाल रही है, जिससे महिला का शव रखकर भागने वालों का पता लगाया जा सके। साथ ही पुलिस शव की पहचान के प्रयास में भी जुट गई है।
कोरोना काल में संक्रमण के डर से कुछ लोग अपनों का अंतिम संस्कार करने से भी कतरा रहे हैं। ऐसे मामले कई जगह सामने आ चुके हैं। सोनीपत में भी मानवता को झकझोरने वाला मामला सामने आया है। यहां सामान्य अस्पताल परिसर स्थित पार्क में कोई बुजुर्ग महिला के शव को चादर पर लेटाकर फरार हो गया। सुबह करीब दस बजे के आसपास काफी देर तक चादर पर लेटी बुजुर्ग महिला के शरीर में कोई हलचल नहीं होने पर लोगों को शक हुआ तो अस्पताल प्रबंधन व पुलिस को सूचित किया। इस पर अस्पताल के अधिकारी मौके पर पहुंचे। साथ ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। जांच के बाद चिकित्सकों को पता चला कि महिला की मौत करीब सात घंटे पहले हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही उसके मौत के कारणों का पता लग सकेगा। पुलिस शव छोड़कर भागने वालों का पता लगाने के लिए अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस के अनुसार जिस महिला का शव पार्क में चादर पर लावारिस हालत में छोड़ा गया है, उसकी उम्र करीब 75 साल के करीब है। महिला के हाथ पर ओमदेवी व महताब गुदा मिला है। नामों के आधार पर पुलिस उसकी पहचान का प्रयास का रही है।
पैरों पर नहीं लगी थी मिट्टी
जांच में सामने आया है कि बुजुर्ग महिला के पैरों पर मिट्टी तक नहीं लगी है, जिससे लगता है कि उसे उठाकर लाया गया है। वह चलकर पहुंचती तो पैरों पर मिट्टी लगी मिलती। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। इसके लिए पुलिस क्षेत्र में लगे सभी सीसीटीवी खंगाल रही है।
वर्जन
पार्क में नौ बजे के आसपास सफाई हुई थी। किसी ने उसके बाद ही शव को पार्क में लावारिस हालत में छोड़ा है। चिकित्सकों के अनुसार महिला की मौत सात घंटे पहले हो चुकी थी। पुलिस अब शव लावारिस रखकर फरार हुए लोगों की पहचान का प्रयास कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों का पता लग सकेगा।
- नरेंद्र सिंह, चौकी प्रभारी सिक्का कॉलोनी।