सोनीपत। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी की ओर से ली गई हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के बाद अभ्यर्थियों की बायोमीट्रिक वेरिफिकेशन की प्रक्रिया मंगलवार को पूरी की गई। मुरथल अड्डा स्थित पीएमश्री राजकीय कन्या विद्यालय में बनाए गए केंद्र में दो दिनों में 2612 सोनीपत तो 1100 अन्य जिलों व प्रदेशों केे अभ्यर्थियों ने अपना वेरिफिकेशन करवाया।
केंद्र के प्रवेश द्वार पर पुलिस बल तैनात रहा। केवल अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र दिखाकर ही केंद्र में प्रवेश दिया गया।
पीएमश्री राजकीय कन्या विद्यालय में बनाए गए केंद्र पर बायोमीट्रिक वेरिफिकेशन के लिए सोनीपत, रोहतक, पानीपत जिला के अलावा उत्तर प्रदेश के बड़ौत, बागपत, कानपुर व दिल्ली से अभ्यर्थी पहुंचे।
अभ्यर्थियों के लिए दूसरे दिन जिला शिक्षा विभाग, विद्यालय, बोर्ड व प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्था के तहत बायोमीट्रिक वेरिफिकेशन प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में चली। हालांकि पहले दिन की अपेक्षा दूसरे दिन बायोमीट्रिक वेरिफिकेशन के लिए अभ्यर्थियों की संख्या कुछ खास नहीं रही।
केंद्र पर एक के बाद एक दो-चार अभ्यर्थियों ने पहुंचकर बायोमीट्रिक वेरिफिकेशन करवाया। दूसरे दिन 1612 अभ्यर्थी वेरिफिकेशन के लिए केंद्र पर पहुंचे।
दूसरे दिन रही सख्ती, शाम तक कार्य पूर्ण
पहले दिन जहां बोर्ड की ओर से सोनीपत में 2615 अभ्यर्थियों की बायोमीट्रिक वेरिफिकेशन का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन भारी भीड़ के चलते शाम 5 बजे तक 2100 अभ्यर्थी ही बायोमीट्रिक वेरिफिकेशन करवा पाए थे। वहीं, दूसरे दिन केंद्र पर भीड़भाड़ का माहौल नजर नहीं आया। बोर्ड से आई दो सदस्यीय टीम के साथ जिला शिक्षा विभाग से पांच ऑपरेटरों व विद्यालय के शिक्षकों के साथ पुलिस बल ने अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाया। सिर्फ अभ्यर्थियों को ही प्रवेश पत्र दिखाकर केंद्र में प्रवेश दिया गया। शाम तक अभ्यर्थियों की बायोमीट्रिक वेरिफिकेशन का कार्य पूर्ण किया गया।
सोनीपत में बोर्ड की ओर से 31 जुलाई व 1 अगस्त को दो दिन एचटेट ली गई थी। दो दिनों में 42 केंद्रों पर चार सत्रों में 26 हजार में से 21113 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी जबकि 4887 अनुपस्थित रहे थे। अब बोर्ड की ओर से जल्द परीक्षा परिणाम जारी किया जाएगा। जिले में 2612 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में क्वालीफाई किया है। इसी के तहत बायोमीट्रिक वेरिफिकेशन का कार्य पूर्ण किया गया। -नवीन गुलिया, जिला शिक्षा अधिकारी, सोनीपत