सोनीपत। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी की ओर से 30-31 जुलाई को होने वाली हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) परीक्षा को लेकर प्रशासन तैयारियाें में जुट गया है। जिला में बनाए गए 42 केंद्रों पर 26 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को लेकर जिन शिक्षण संस्थानों में केंद्र बनाए गए हैं, उनमें दोनों दिन पूर्ण रूप से अवकाश घोषित किया गया है। इसके लिए विद्यालय शिक्षा निदेशालय की ओर से जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र भी जारी किया गया है।
शिक्षा बोर्ड की ओर से पहले एचटेट की परीक्षा के लिए 26 व 27 जुलाई तिथि निर्धारित की गई थी, लेकिन हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की ओर से इन तिथियों में सीईटी की परीक्षा के चलते बोर्ड ने एचटेट परीक्षा की तिथियों में संशोधन कर नई तिथि घोषित की थी। प्रदेशभर में होने वाली एचटेट परीक्षा को लेकर जहां 30 जुलाई को 399 व 31 जुलाई को 673 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, वहीं सोनीपत में 42 केंद्र बनाए गए हैं।
दोनों दिन प्रदेशभर में जहां 1,20,945 अभ्यर्थी एचटेट की परीक्षा में शामिल होंगे, वहीं सोनीपत में 26 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। जिले में बनाए गए 42 परीक्षा केंद्रों पर तीन चरणों में परीक्षा होगी। इसमें प्रथम चरण में पीआरटी, दूसरे चरण में टीजीटी व तीसरे चरण में पीजीटी की परीक्षा होंगी। जिले में प्रथम चरण में 21 केंद्रों, दूसरे चरण में 42 व तीसरे चरण में 24 केंद्रों पर एचटेट की परीक्षा होगी।
तीसरे चरण (पीजीटी) की परीक्षा 30 जुलाई को शाम 3 से 5:30 बजे तक, दूसरे चरण (टीजीटी) की परीक्षा 31 जुलाई को सुबह 10 से 12:30 बजे तक, प्रथम चरण (पीआरटी) की परीक्षा 31 जुलाई को ही शाम 3 से 5:30 बजे तक आयोजित होगी। प्रशासन की ओर से केंद्रों पर संस्थान प्रबंधन के अलावा सुपरवाइजर, ड्यूटी मेजिस्ट्रेट नियुक्त कर देखरेख की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं प्रदेशभर में एचटेट परीक्षा को नकलरहित व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न करवाने के लिए 220 उड़नदस्तों का गठन किया गया है, यह उड़नदस्ते सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगे।
किस चरण में कितने अभ्यर्थी हाेंगे शामिल
- तीसरे चरण (पीजीटी) में 7191 अभ्यर्थी
- दूसरे चरण (टीजीटी) में 12504 अभ्यर्थी
- प्रथम चरण (पीआरटी) में 6305 अभ्यर्थी
- तीनों चरणों की परीक्षाओं में कुल 26000 अभ्यर्थी
अभ्यर्थियों को 2 घंटे पहले पहुंचने के निर्देश
बोर्ड की ओर से परीक्षा केंद्रों पर पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सीसीटीवी, जैमर्स व बायोमेट्रिक हाजिरी की व्यवस्था की जाएगी। अभ्यर्थी की मेटल डिटेक्टर से जांच, बायोमीट्रिक सत्यापन व अंगूठे के निशान की रिकाॅर्डिंग होगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 2 घंटे 10 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। अभ्यर्थियों को प्रवेश के समय प्रवेश पत्र के साथ असली मूल पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य रहेगा। इनमें आधार कार्ड, पैन कार्ड या मतदाता पहचान पत्र (वोटर कार्ड) शामिल रहेगा। इनकी फोटो प्रति मान्य नहीं होगी। इसके अलावा इलेक्ट्रानिक डिवाइसेस जैसे डिजिटल वॉच, मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
बिना ड्यूटी वाले कर्मियों का प्रवेश निषेध
उपायुक्त सुशील सारवान ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर धारा 163 लागू करने के आदेश जारी किए गए हैं। यह आदेश परीक्षा के दिन 30 जुलाई को सुबह 11 से शाम 6 बजे तक, 31 जुलाई को सुबह 8 से शाम 6 बजे तक प्रभावी रहेंगे। सभी सरकारी व गैर सरकारी शिक्षण संस्थानों के जिन अधिकारियों, कर्मचारियों की ड्यूटी परीक्षा में नहीं लगाई गई है, वह संवेदनशीलता को देखते हुए परीक्षा केंद्रों में प्रवेश नहीं करेंगे। केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में आग्नेयास्त्र, तलवार, गंडासी, लाठी, बरछा, कुल्हाड़ी, जेली, चाकू या अन्य किसी भी प्रकार के हथियार लेकर जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही केंद्रों के पास पांच या इससे अधिक लोगों के एकत्र नहीं होंगे। केंद्रों के 200 मीटर के क्षेत्र में फोटोकॉपी, जेरॉक्स, फैक्स आदि की दुकानें संचालित करने पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यदि कोई व्यक्ति इन आदेशों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसे भारतीय न्याय संहिता की धारा 233 के तहत दंडित किया जाएगा।