सोनीपत। सोनीपत। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) 2026 के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोनीपत शहर में बनाए गए 22 परीक्षा केंद्रों पर कुल 13,768 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इनमें लेवल-3 (पीजीटी) के 3,961, लेवल-2 (टीजीटी) के 6,843 और लेवल-1 (पीआरटी) के 2,964 अभ्यर्थी शामिल हैं।
उपायुक्त नेहा सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि परीक्षा को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए सुरक्षा, यातायात, पेयजल, बिजली, चिकित्सा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर बोर्ड की गाइडलाइन के अनुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
परिजनों के लिए भी होंगे इंतजाम
गर्मी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर अभिभावकों और परिजनों के लिए भी व्यवस्था की जाएगी। केंद्रों के आसपास छायादार स्थानों पर बैठने और पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
धारा-163 लागू, फ्लाइंग स्क्वायड रखेगा नजर
परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए केंद्रों के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा-163 लागू रहेगी। सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया जाएगा। प्रशासन ने निगरानी के लिए फ्लाइंग स्क्वायड और निरीक्षण टीमों का गठन किया है।
डायल-112 से मिलेगी मदद
उपायुक्त ने बताया कि परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के दौरान किसी भी समस्या या आपात स्थिति में अभ्यर्थी डायल-112 पर सहायता ले सकते हैं। उन्होंने परीक्षार्थियों से समय से पहले केंद्र पहुंचने, प्रवेश पत्र और पहचान पत्र साथ रखने की अपील की।
बैठक में एसडीएम सुभाष चंद्र, नगराधीश सिमरन, जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया, रोडवेज महाप्रबंधक संजय कुमार और सीएमओ डॉ. अनुराधा जैन मौजूद रहे।